भागलपुर: नवगछिया पुलिस ने अवैध हथियारों के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहपुर थाना क्षेत्र में संचालित एक मिनी गन फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने चार हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि मौके से बड़ी संख्या में तैयार और अर्धनिर्मित हथियार, जिंदा कारतूस, मैगजीन तथा हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा के निर्देश पर अपराध और अवैध हथियार निर्माण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह सफलता हासिल हुई है।
गुप्त सूचना पर STF के साथ संयुक्त छापेमारी
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बिहपुर थाना क्षेत्र के टेकबाजपुर दियारा स्थित एक मकान में अवैध रूप से देसी हथियारों का निर्माण और बिक्री की जा रही है। सूचना की पुष्टि होने के बाद बिहपुर थाना पुलिस ने स्पेशल टास्क फोर्स (STF) के साथ संयुक्त रूप से छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मौके पर संचालित मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा हुआ। पुलिस ने मौके से चार लोगों को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान मो. मोकीम, मो. सुशील, मो. अब्दुल अजीज और पप्पू मंडल उर्फ प्रमोद कुमार के रूप में हुई है।
11 तैयार पिस्तौल, 4 अर्धनिर्मित हथियार और भारी मात्रा में सामान बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 11 निर्मित देसी पिस्तौल, 4 अर्धनिर्मित पिस्तौल, 16 मैगजीन, 2 जिंदा कारतूस तथा 33 लोहे के बड़े रॉड बरामद किए। इसके अलावा हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई औजार, मशीनें और अन्य सामग्री भी जब्त की गई है। पुलिस का मानना है कि यहां लंबे समय से अवैध हथियार तैयार कर उनकी सप्लाई विभिन्न इलाकों में की जा रही थी। बरामद सामान से यह स्पष्ट होता है कि यह एक संगठित अवैध हथियार निर्माण केंद्र के रूप में संचालित किया जा रहा था।
मामला दर्ज, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
इस मामले में बिहपुर थाना कांड संख्या 207/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और गिरोह से जुड़े अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। नवगछिया पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध हथियार निर्माण और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
भागलपुर से रिपोर्टर: श्यामानंद सिंह