BPSC TRE-4 की अधियाचना वापस नहीं हुई, आयोग ने साफ किया पूरा मामला; अभ्यर्थी न हों परेशान

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: बिहार में शिक्षक भर्ती के चौथे चरण यानी TRE-4 का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने शिक्षक भर्ती को लेकर इंटरनेट मीडिया पर चल रही उन खबरों को पूरी तरह खारिज कर दिया है, जिनमें दावा किया जा रहा था कि TRE-4 से संबंधित अधियाचना विभाग को वापस कर दी गई है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि अधियाचना वापस नहीं की गई है, बल्कि उसमें मिली तकनीकी और प्रक्रियात्मक त्रुटियों को दूर करने के लिए संबंधित विभाग को पत्र भेजा गया है।

TRE-4 की अधियाचना वापस नहीं हुई
BPSC ने गुरुवार को जारी स्पष्टीकरण में कहा कि विभिन्न इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म पर TRE-4 को लेकर भ्रामक जानकारी प्रसारित की जा रही थी। इसमें अधियाचना वापस किए जाने की बात कही गई, जो पूरी तरह असत्य है। आयोग के मुताबिक, अधियाचना में कुछ तकनीकी और प्रक्रियात्मक कमियां सामने आई थीं। इन कमियों के सुधार के लिए संबंधित विभाग को पत्र भेजा गया है। BPSC ने इसे सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया बताया है।
सुधार के बाद जल्द जारी होगा विज्ञापन
आयोग ने अभ्यर्थियों को आश्वस्त किया है कि अधियाचना में आवश्यक सुधार की प्रक्रिया पूरी होते ही TRE-4 का विज्ञापन जल्द से जल्द जारी किया जाएगा। इसके बाद योग्य अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे। इसलिए शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों को फिलहाल सोशल मीडिया पर चल रही अपुष्ट सूचनाओं के बजाय आयोग की आधिकारिक सूचना का इंतजार करने की सलाह दी गई है।

Share This Article