NEWS PR डेस्क:पश्चिम चंपारण के बगहा पुलिस जिला से एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है। लौकरिया थाना क्षेत्र के हरनाटांड़ स्थित एक निजी विद्यालय सह छात्रावास में 10 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने छात्र की हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो शिक्षकों को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।

मृतक की पहचान वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र के भेड़िहारी कर्माहा टोला वार्ड-15 निवासी राज किशोर शर्मा के 10 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। प्रिंस कौटिल्य पब्लिक स्कूल के छात्रावास में रहकर पढ़ाई करता था। गुरुवार सुबह छात्रावास के कमरे में प्रिंस का शव उसके बेड पर मिलने से विद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही स्कूल प्रशासन ने पुलिस को जानकारी दी।
परिजनों ने लगाया मारपीट और हत्या का आरोप
मृतक के परिजनों का आरोप है कि बुधवार शाम विद्यालय के शिक्षक हेमराज कुमार और दीपक कुमार ने बच्चों के साथ मारपीट की थी। उनका कहना है कि प्रिंस के शरीर, आंख और पीठ पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही रामनगर एसडीपीओ रागिनी कुमारी, बगहा एसडीपीओ निहार भूषण, लौकरिया थानाध्यक्ष रमन कुमार और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, बगहा भेज दिया।
दो शिक्षक गिरफ्तार, जांच जारी
पुलिस ने पूछताछ के बाद शिक्षक हेमराज कुमार और दीपक कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। रामनगर एसडीपीओ रागिनी कुमारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और पूछताछ के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है।पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट
