भागलपुर: जगदीशपुर थाना क्षेत्र के पुरैनी हरिजन टोला में आपसी विवाद को लेकर एक युवक पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना में मनीष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने तुरंत 112 नंबर पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए जगदीशपुर पीएचसी ले गई। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।
बच्चों के ठेले पर बैठने को लेकर हुआ था विवाद
घायल मनीष कुमार की पत्नी गीता देवी के अनुसार, एक दिन पहले बच्चों के ठेले पर बैठने को लेकर मनीष का नीरो हरिजन से विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों के बीच बलुआचक हाट के पास भी कहासुनी हुई। आरोप है कि इस दौरान नीरो हरिजन ने मनीष की अंगुली में दांत से काट लिया। विवाद के बाद मनीष अपने घर लौट आए थे। परिजनों के मुताबिक, कुछ देर बाद नीरो हरिजन उनके घर पहुंचा और वहां मनीष पर चाकू से हमला कर दिया।
गला काटने की कोशिश का भी आरोप
परिजनों ने आरोप लगाया है कि हमलावर ने मनीष का गला काटने की भी कोशिश की। हमले में मनीष गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उन्हें बचाया। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया। परिजनों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी।
112 पर सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलने के बाद 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल मनीष को जगदीशपुर पीएचसी पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज चल रहा है। मामले को लेकर जगदीशपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस को आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भागलपुर से रिपोर्टर : श्यामानंद सिंह