पिपरा पंचायत समिति की बैठक में छाया सूखा नशे का मुद्दा, खाद की कालाबाजारी से लेकर बिजली और आंगनबाड़ी की समस्याओं पर हुई चर्चा

Shreya Raj
पिपरा पंचायत समिति की बैठक में क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर मंथन, सूखा नशा और खाद की कालाबाजारी का मुद्दा रहा प्रमुख।

सुपौल: प्रखंड मुख्यालय पिपरा स्थित टीसीपी भवन में सोमवार को लंबे समय बाद पंचायत समिति की सामान्य बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख कंचन कुमारी ने की, जबकि संचालन प्रखंड विकास पदाधिकारी सह पंचायत समिति के कार्यपालक पदाधिकारी ने किया। बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। राजस्व, कृषि, बिजली और बाल विकास परियोजना के साथ-साथ क्षेत्र में बढ़ रहे सूखा नशे के कारोबार का मुद्दा भी जनप्रतिनिधियों ने जोर-शोर से उठाया।

खाद की कालाबाजारी की शिकायत पर दो दुकानदारों के लाइसेंस रद्द

बैठक में पंचायत समिति सदस्यों ने खाद दुकानदारों पर तय कीमत से अधिक राशि लेकर किसानों को खाद देने की शिकायत की। इस पर प्रखंड कृषि पदाधिकारी सतीश चन्द्र ने बताया कि खाद की कालाबाजारी की शिकायत मिलने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने बताया कि पिपरा के दो खाद दुकानदारों का लाइसेंस रद्द कर दिया गया है और मामले की जांच अभी जारी है। उन्होंने कहा कि एक बीघा जमीन पर एक बोरा यूरिया देने का प्रावधान है। वहीं बटेदार किसानों को आधार कार्ड के साथ आवेदन करना होगा, जिसके बाद उन्हें भी खाद उपलब्ध कराई जा रही है। प्रखंड कृषि पदाधिकारी के अनुसार, पिपरा में कुल 82 खाद दुकानों को लाइसेंस प्राप्त है, लेकिन वर्तमान में केवल 32 दुकानदारों के पास खाद उपलब्ध है।

सोलर सिस्टम लगाने की अपील

बैठक में मौजूद कनीय अभियंता मनोज कुमार ने जनप्रतिनिधियों को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी दी। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों और घरों में सोलर लाइट एवं सोलर सिस्टम लगाने के लिए लोगों को जागरूक करने की अपील की। वहीं पंचायत समिति सदस्य अमरेन्द्र यादव ने बसहा क्षेत्र में विद्युत तार बदलवाने की मांग प्रमुखता से उठाई। इस पर पिपरा के विद्युत कनीय अभियंता ने जल्द ही तार बदलवाने का आश्वासन दिया।

आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्था पर भी सवाल

बैठक में सदस्यों ने बाल विकास परियोजना पदाधिकारी से आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन और व्यवस्था को लेकर सवाल किए। सदस्यों ने आंगनबाड़ी केंद्रों की नियमित जांच कराने और संचालन व्यवस्था में सुधार करने की मांग रखी। वहीं वर्षों से खाली पड़े आंगनबाड़ी सेविका के पदों पर नियुक्ति के लिए प्रस्ताव भेजने की बात भी बैठक में कही गई।

राजस्व मामलों के लंबित आवेदनों के जल्द निष्पादन की मांग

मुखिया प्रतिनिधि कारी प्रसाद यादव ने अंचल कार्यालय से जुड़े राजस्व मामलों का मुद्दा उठाया। उन्होंने परिमार्जन, दाखिल-खारिज और मोटेशन से संबंधित लंबित आवेदनों का जल्द से जल्द निष्पादन कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि इन मामलों के लंबित रहने से आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में संबंधित आवेदनों का समय पर निष्पादन जरूरी है।

स्कूल की चारदीवारी का भुगतान नहीं होने पर नाराजगी

पंचायत समिति सदस्य नटवर मंडल ने विद्यालय भवन की चारदीवारी निर्माण के भुगतान का मामला भी बैठक में उठाया। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य पूरा हुए 8 से 10 महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक भुगतान नहीं किया गया है। उन्होंने संबंधित विभाग से अविलंब भुगतान कराने की मांग की।

सूखा नशे के कारोबार का मुद्दा भी उठा

बैठक के दौरान क्षेत्र में सूखा नशे के कारोबार का मुद्दा भी जनप्रतिनिधियों ने जोरदार तरीके से उठाया। जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र में इस तरह के नशे के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई करने की आवश्यकता जताई।

बैठक में जीविका बीपीएम कन्हैया कुमार सिंह, थानाध्यक्ष किशोर कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक में क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा के साथ उनके समाधान को लेकर संबंधित अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की गई।

सुपौल से रिपोर्टर : अल्ताफ राजा

Share This Article