पश्चिम चंपारण: बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। गौनाहा थाना क्षेत्र के कला पकड़ी गांव में मंगलवार को एक महिला का शव पेड़ से लटका मिला। मृतका की पहचान गांव निवासी जमादार मांझी की 35 वर्षीय पत्नी रजनी देवी के रूप में हुई है। रजनी देवी दो बच्चों की मां थी। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया।
सोमवार रात हुआ था विवाद
मृतका के पति जमादार मांझी के अनुसार, सोमवार रात गांव के ही कुछ लोगों के साथ किसी बात को लेकर विवाद और झगड़ा हुआ था। विवाद की सूचना मिलने के बाद डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद पुलिस टीम वहां से चली गई। पति का आरोप है कि डायल-112 की टीम के जाने के बाद एक बार फिर विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान उसकी पत्नी रजनी देवी अचानक घर से गायब हो गई। परिवार और ग्रामीणों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन रात में उसका कोई पता नहीं चल सका।
सुबह पेड़ से लटका मिला शव
मंगलवार सुबह गांव के पास एक पेड़ से रजनी देवी का शव लटका हुआ मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना की जानकारी पुलिस को भी दी गई।
रजनी देवी के पति जमादार मांझी ने गांव के ही कुछ लोगों पर उसकी पत्नी की हत्या करने और शव को पेड़ से लटकाने का आरोप लगाया है। महिला की मौत हत्या है या आत्महत्या, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
पुलिस जांच में जुटी
गौनाहा थानाध्यक्ष शंभू शरण गुप्ता ने बताया कि महिला का शव पेड़ से लटका मिलने की सूचना मिली है। पुलिस टीम को घटनास्थल पर भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि महिला ने आत्महत्या की है या उसकी हत्या की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही महिला की मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।
पश्चिम चम्पारण से रिपोर्टर : मोहम्मद इम्तिआज़