खेमनीचक सब्जी मंडी में तड़के लगी आग, दमकल की 15 गाड़ियों ने संभाला मोर्चा

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : रामकृष्णनगर के खेमनीचक स्थित सब्जी मंडी में गुरुवार तड़के भीषण आग लगने से 50 से अधिक दुकानें जलकर राख हो गईं। आग की चपेट में श्रृंगार, मोबाइल रिपेयरिंग समेत कई कारोबार से जुड़ी दुकानें आ गईं। हादसे में दुकानों में रखा सामान और मंडी में खड़ी कई बाइक भी जल गईं। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल विभाग की 10 से 15 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह तीन बजे के बाद मंडी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और एक के बाद एक कई दुकानें इसकी चपेट में आती चली गईं। आग की ऊंची लपटें उठने से आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई। दुकानदारों ने अपने सामान को बचाने की कोशिश की, लेकिन आग की तेजी के कारण उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ा।
गैस सिलेंडर ब्लास्ट से बढ़ी दहशत
अगलगी के दौरान मंडी में स्थित एक झोपड़ीनुमा होटल में रखे चार गैस सिलेंडरों में ब्लास्ट होने की सूचना है। धमाकों और आग की लपटों से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। इस बीच आग ने कई दुकानों और वहां खड़ी बाइकों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
सूचना मिलने के बाद दमकल की कई गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोकने के लिए लगातार प्रयास किया। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया। हालांकि, तब तक 50 से अधिक दुकानें जल चुकी थीं।
कारोबारियों के सामने रोजी-रोटी का संकट
इस घटना से मंडी के कारोबारियों को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका है। दुकानों में रखा सामान और कारोबार से जुड़ी सामग्री नष्ट होने से कई दुकानदारों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। फिलहाल नुकसान की कुल राशि का आकलन नहीं किया गया है। आग लगने के वास्तविक कारणों का भी पता नहीं चल सका है। घटना की जांच और नुकसान के आकलन के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। इस हादसे ने मंडी में अग्नि सुरक्षा के इंतजामों को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share This Article