NEWS PR डेस्क ;- रोटरी क्लब ऑफ गया युवा की पहल, विद्यार्थियों को जागरूकता कार्यक्रम के जरिए दी महत्वपूर्ण जानकारी !

Muskan Gupta

रोटरी क्लब ऑफ गया युवा द्वारा राजकीय माध्यमिक विद्यालय, नोड-1, बोधगया में विद्यार्थियों के लिए मानसिक स्वास्थ्य, मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वच्छता तथा गुड टच–बैड टच विषय पर एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इन जागरूकता सत्रों में विद्यालय के लगभग 200 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. कृतिका अग्रवाल ने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्त्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने परीक्षा के दौरान होने वाले तनाव को नियंत्रित करने, मन को शांत रखने, सकारात्मक सोच विकसित करने तथा छोटी उम्र में अनावश्यक दबाव से बचने के सरल उपाय बताए। उन्होंने बच्चों को अपनी भावनाओं को समझने और किसी प्रकार की मानसिक परेशानी होने पर माता-पिता, शिक्षक अथवा किसी विश्वसनीय व्यक्ति से खुलकर बात करने के लिए प्रेरित किया

डॉ. कृतिका अग्रवाल ने विद्यार्थियों को गुड टच और बैड टच के बीच अंतर भी समझाया। उन्होंने बच्चों को बताया कि यदि कोई व्यक्ति उन्हें गलत तरीके से छूने या असहज करने का प्रयास करे, तो उन्हें तुरंत “नहीं” कहना चाहिए, उस स्थान से दूर चले जाना चाहिए और घटना के बारे में किसी विश्वसनीय व्यक्ति को अवश्य बताना चाहिए।

इस संदेश को बच्चों तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुँचाने के लिए गुड टच–बैड टच पर आधारित एक लघु शैक्षणिक वीडियो भी दिखाया गया।

इसके अतिरिक्त, डॉ. सुरभि कुमारी ने मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वच्छता पर जागरूकता सत्र लिया। उन्होंने मासिक धर्म से जुड़ी सामान्य भ्रांतियों को दूर करते हुए इसे एक स्वाभाविक जैविक प्रक्रिया बताया। विद्यार्थियों को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, पौष्टिक आहार लेने तथा विभिन्न मासिक धर्म उत्पादों के सुरक्षित उपयोग के बारे में जानकारी दी गई।

बेहतर समझ के लिए Menstrupedia का लोकप्रिय शैक्षणिक वीडियो “Hello Periods” भी प्रदर्शित किया गया।

इस कार्यक्रम में रोटरी क्लब ऑफ गया युवा की अध्यक्ष रोटेरियन स्मिता पोद्दार, सचिव रोटेरियन डॉ. सुरभि कुमारी तथा रश्मि जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी ने विद्यार्थियों को अपने स्वास्थ्य, सुरक्षा और मानसिक कल्याण के प्रति जागरूक एवं जिम्मेदार बनने के लिए प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम अत्यंत ज्ञानवर्धक, संवादात्मक और प्रभावशाली रहा। विद्यार्थियों ने सभी सत्रों में रुचिपूर्वक भाग लिया और अपनी जिज्ञासाएँ भी साझा कीं। कार्यक्रम के अंत में सभी 200 छात्र-छात्राओं को जलपान वितरित किया गया।

गया से आशिस कुमार की रिपोर्ट –

Share This Article