पटना में आज BPSC 70वीं के चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र, बापू सभागार में होगा समारोह

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए आज अहम दिन है। पटना के बापू सभागार में दोपहर 12:30 बजे नियुक्ति पत्र वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। कार्यक्रम में BPSC के चेयरमैन परमार रवि मनुभाई सहित आयोग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

2027 अभ्यर्थियों का हुआ चयन
BPSC ने 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा का अंतिम परिणाम 20 जून 2026 को जारी किया था। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 2035 पद निर्धारित किए गए थे। इनमें से 2027 अभ्यर्थियों का चयन हुआ, जबकि 8 पद रिक्त रह गए। इन पदों के लिए दिव्यांग अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होने के कारण नियुक्ति नहीं हो सकी।
श्रद्धा पांडेय बनीं टॉपर
फाइनल रिजल्ट में उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ की श्रद्धा पांडेय ने 593 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं शशांक गौरव और आयुष विजॉय ने 592-592 अंक के साथ क्रमश: दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया। दोनों के समान अंक होने के कारण निबंध में प्राप्त अंकों के आधार पर उनकी रैंक निर्धारित की गई।
टॉप-100 में 45 महिलाएं
70वीं BPSC परीक्षा के परिणाम में महिला अभ्यर्थियों का भी शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। टॉप-100 में 45 महिलाएं शामिल हैं। कुल 2027 चयनित अभ्यर्थियों में लगभग 745 महिलाएं हैं। चयनित उम्मीदवारों में 333 अभ्यर्थी बिहार के बाहर के राज्यों से हैं। अंतिम परिणाम के अनुसार अनारक्षित वर्ग की कटऑफ 528 अंक, जबकि SC वर्ग की कटऑफ 493 अंक रही। लंबे इंतजार के बाद 20 जून को फाइनल रिजल्ट जारी होने के साथ चयनित अभ्यर्थियों के नियुक्ति का रास्ता साफ हुआ।
करीब 18 महीने बाद आया फाइनल रिजल्ट
बता दें कि BPSC 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा का फाइनल रिजल्ट प्रारंभिक परीक्षा के करीब 18 महीने बाद जारी किया गया था। लंबे समय से परिणाम का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए 20 जून का दिन अहम रहा। अब चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र मिलने के साथ भर्ती प्रक्रिया का एक महत्वपूर्ण चरण पूरा होगा

Share This Article