NEWS PR डेस्क: बांकीपुर की राजनीति में बड़ा बदलाव लाने के बाद जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने सोमवार को विधायक पद की शपथ ले ली। बिहार विधानसभा में आयोजित समारोह में विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ लेने के साथ ही प्रशांत किशोर ने बतौर विधायक अपनी नई राजनीतिक पारी की औपचारिक शुरुआत कर दी।
विधानसभा अध्यक्ष के चैंबर में सुबह करीब 11 बजे हुए शपथ ग्रहण समारोह में बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह समेत जन सुराज के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

बांकीपुर में जीत के बाद पहली बार विधायक बने प्रशांत किशोर
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में प्रशांत किशोर ने भाजपा के नीरज कुमार को हराकर अपनी पहली चुनावी जीत दर्ज की। यह जीत जन सुराज के लिए भी बेहद अहम रही, क्योंकि बांकीपुर लंबे समय से भाजपा का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है। उपचुनाव में जीत के बाद प्रशांत किशोर ने साफ संकेत दिया था कि उनका फोकस सिर्फ चुनावी राजनीति तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि बांकीपुर के विकास और रोजगार के मुद्दों पर रहेगा।
जीत के बाद क्षेत्र में पहुंचे, लोगों से की मुलाकात
विधायक बनने के बाद प्रशांत किशोर 11 अगस्त को पहली बार अपने विधानसभा क्षेत्र पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने अलग-अलग इलाकों में जाकर लोगों से मुलाकात की और आभार सभाओं में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा था कि चुनाव जीतने के बाद शुरुआती दिनों में वह क्षेत्र में घूमने के बजाय आगे किए जाने वाले कामों की तैयारी में जुटे रहे। उनका दावा है कि बिहार के किसी भी विधानसभा क्षेत्र की तुलना में सबसे ज्यादा युवाओं को रोजगार देने वाला क्षेत्र बांकीपुर बनेगा।
भाजपा के गढ़ में जीत ने बदला सियासी समीकरण
बांकीपुर में प्रशांत किशोर की जीत को बिहार की राजनीति में महत्वपूर्ण बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है। इस सीट पर भाजपा का लंबे समय से दबदबा रहा था, लेकिन इस बार जन सुराज ने यहां जीत दर्ज कर नया राजनीतिक समीकरण तैयार कर दिया। अब विधायक पद की शपथ लेने के बाद प्रशांत किशोर के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपनी चुनावी जीत को जमीनी काम और विकास के नतीजों में बदलने की होगी।