NEWS PR डेस्क : गया : लखीसराय के अशोक धाम में हुई भगदड़ में 7 लोगों की मौत की घटना पर गया में मंत्री संतोष सुमन ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने इस हादसे को बेहद दुखद और पीड़ादायक बताया। मंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना जताते हुए कहा कि इस मुश्किल घड़ी में सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।
अफवाहों से भगदड़ जैसी स्थिति से बचने की अपील
मंत्री संतोष सुमन ने कहा कि भीड़भाड़ वाली जगहों पर लोगों को विशेष रूप से सतर्क रहने की जरूरत है। कई बार अफवाहों के कारण अचानक अफरा-तफरी की स्थिति बन जाती है और भगदड़ जैसी घटना हो जाती है। अशोक धाम में भी करंट लगने की बात सामने आने के बाद अफवाह फैलने और उसके बाद भगदड़ मचने की बात कही जा रही है।

संयम और सतर्कता बनाए रखें
मंत्री ने लोगों से अपील की कि भीड़ वाली जगहों पर किसी भी तरह की अफवाह पर तुरंत विश्वास न करें। ऐसी स्थिति में घबराने के बजाय संयम और सतर्कता बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि लोगों की थोड़ी सी सावधानी भी बड़ी दुर्घटना को रोकने में मदद कर सकती है।
संतोष सुमन ने कहा कि घटना के बाद सरकार की ओर से आवश्यक सभी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। प्रशासन और सरकार की प्राथमिकता प्रभावित लोगों को जरूरी सहायता उपलब्ध कराना है। उन्होंने दोहराया कि सरकार पीड़ित परिवारों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़ी है।
गया से रिपोर्टर : आशीष कुमार