NEWS PR डेस्क : भागलपुर के कहलगांव थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना में धीरज कुमार शर्मा, कौशल किशोर और उनके पिता शशि भूषण शर्मा घायल हो गए। तीनों का इलाज भागलपुर के मायागंज अस्पताल में चल रहा है। बताया जा रहा है कि धीरज कुमार शर्मा की हालत गंभीर बनी हुई है।
जमीन विवाद को लेकर पहले से चल रहा था मामला
जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर पहले से विवाद चल रहा है और यह मामला न्यायालय में भी लंबित है। 14 अगस्त की सुबह जमीन की मापी और सर्वे के लिए अमीन मौके पर पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान विपक्षी पक्ष के लोगों ने शशि भूषण शर्मा से जमीन से जुड़े कागजात छीन लिए। इसके बाद उनके साथ धक्का-मुक्की की गई और उन्हें जमीन पर गिरा दिया गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद शशि भूषण शर्मा के परिजन मौके पर पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान विपक्षी पक्ष के करीब 7 से 8 लोग वहां पहुंच गए और तीनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। परिजनों का आरोप है कि मारपीट के दौरान हथियार से भी हमला किया गया, जिसमें धीरज कुमार शर्मा, कौशल किशोर और शशि भूषण शर्मा घायल हो गए।

ग्रामीणों की मदद से अस्पताल पहुंचाए गए घायल
घटना के बाद गांव के लोगों की मदद से तीनों घायलों को कहलगांव थाना ले जाया गया। पुलिस ने उनकी इंजरी काटकर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया। इसके बाद सभी घायलों को भागलपुर के मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। इनमें धीरज कुमार शर्मा की हालत गंभीर बताई जा रही है।
आवेदन मिलने के बाद जांच करेगी पुलिस
फिलहाल इस मामले में कहलगांव थाने में लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। पुलिस का कहना है कि आवेदन मिलने के बाद पूरे मामले की जांच की जाएगी। जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जमीन विवाद को लेकर हुई इस मारपीट की घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बताया जा रहा है। अब पुलिस की जांच और घायलों के बयान के बाद घटना की पूरी सच्चाई सामने आने की उम्मीद है।
भागलपुर से रिपोर्टर : श्यामानंद सिंह