NEWS PR डेस्क : नई दिल्ली,: BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया। संगठन में बड़े स्तर पर किए गए इस फेरबदल में अनुभवी नेताओं के साथ कई नए चेहरों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। पार्टी ने 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, 8 राष्ट्रीय महामंत्री और 16 राष्ट्रीय सचिवों की नियुक्ति की है।

नई टीम में पूर्व राजस्थान मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और वरिष्ठ नेता राम माधव को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के साथ वापसी हुई है। उन्हें पार्टी के 8 राष्ट्रीय महामंत्रियों में शामिल किया गया है।
अमित मालवीय की जगह दीपक म्हस्के को IT सेल की जिम्मेदारी
BJP ने अपने डिजिटल और आईटी संगठन में भी बड़ा बदलाव किया है। लंबे समय से पार्टी के IT सेल की जिम्मेदारी संभाल रहे अमित मालवीय को इस पद से हटाकर दीपक म्हस्के को नया IT सेल प्रमुख नियुक्त किया गया है।
अमित मालवीय वर्ष 2015 से BJP के IT सेल की कमान संभाल रहे थे। वहीं, दीपक म्हस्के BJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता के तौर पर भी काम कर चुके हैं और संगठन तथा मीडिया से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं। हाल ही में उन्हें छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन (CGMSC) का अध्यक्ष भी बनाया गया था।
चार राज्यों में नए सोशल मीडिया समन्वयक
डिजिटल नेटवर्क को मजबूत करने के लिए BJP ने चार राज्यों में नए सोशल मीडिया समन्वयकों की भी नियुक्ति की है।
महाराष्ट्र: प्रीति गांधी
दिल्ली: शिवानंद द्विवेदी
उत्तराखंड: आलोक भट्ट
हरियाणा: अरुण यादव
इन नियुक्तियों को पार्टी के सोशल मीडिया नेटवर्क को और प्रभावी बनाने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
मीडिया संगठन में अनिल बलूनी को जिम्मेदारी बरकरार
BJP ने अपने मीडिया संगठन में निरंतरता बनाए रखी है। अनिल बलूनी पार्टी के मीडिया संयोजक और मीडिया इन-चार्ज की जिम्मेदारी संभालते रहेंगे।
वहीं, पार्टी के विभिन्न मोर्चों के प्रमुखों की भी घोषणा की गई है। हेमंत जोशी को BJP युवा मोर्चा की कमान सौंपी गई है, जबकि रूप कुमारी चौधरी को BJP महिला मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया है।
चुनावी रणनीति और डिजिटल संगठन पर फोकस
BJP की नई राष्ट्रीय टीम में जहां अनुभवी नेताओं को अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं, वहीं संगठन में नए चेहरों को भी जगह मिली है। आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए पार्टी के इस संगठनात्मक फेरबदल को चुनावी रणनीति, मीडिया मैनेजमेंट और डिजिटल अभियान को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
नई टीम के जरिए BJP का फोकस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के साथ-साथ सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पार्टी की पहुंच को और प्रभावी बनाने पर भी दिखाई दे रहा है।