गोवा फिल्म फेस्टिवल में बिहार का जलवा फिल्म निर्माताओं को भायी बिहार की फिल्म नीति, रामोजी फिल्म सिटी के MD को बिहार में फिल्म सिटी बनाने का न्योता ,

Muskan Gupta


NEWS PR डेस्क : – गोवा फिल्म फेस्टिवल में इस बार बिहार ने अपनी खास पहचान बनाई है। फिल्म फेस्टिवल में लगा बिहार पवेलियन फिल्म निर्माताओं, निवेशकों और फिल्म जगत की हस्तियों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां बिहार की फिल्म नीति, आकर्षक शूटिंग लोकेशन और फिल्म निर्माण के लिए मिलने वाली सब्सिडी को लेकर लोगों में खास दिलचस्पी देखने को मिल रही है।

बिहार सरकार की ओर से फिल्म फेस्टिवल में पहुंचे फिल्म निर्माताओं और प्रतिनिधियों को राज्य में उपलब्ध फिल्म निर्माण की सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। उन्हें बताया जा रहा है कि बिहार में फिल्म शूटिंग के लिए किस तरह की अनुमति प्रक्रिया है और सरकार की ओर से निर्माताओं को क्या-क्या आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा सकती है।

इस दौरान सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव चंचल कुमार ने बिहार पवेलियन का दौरा किया। उन्होंने वहां मौजूद व्यवस्थाओं और बिहार की फिल्म इंडस्ट्री को आगे बढ़ाने से जुड़ी पहल की जानकारी ली।

वहीं, रामोजी फिल्म सिटी के एमडी को बिहार में फिल्म सिटी के निर्माण के लिए आमंत्रित किया गया है। इस दौरान बिहार में फिल्म सिटी के बुनियादी ढांचे के विकास, निवेश की संभावनाओं और फिल्म निर्माण से जुड़े अवसरों पर चर्चा हुई।

खास बात यह रही कि ब्रिटेन के पूर्व सांसद एरिक ओलरेंशा ने भी बिहार में फिल्म शूटिंग की संभावनाओं को लेकर दिलचस्पी दिखाई। बिहार के प्राकृतिक सौंदर्य, ऐतिहासिक धरोहरों, पर्यटन स्थलों और सांस्कृतिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय फिल्म जगत के सामने प्रस्तुत किया जा रहा है।

सरकार की कोशिश है कि बिहार केवल फिल्मों की शूटिंग का ठिकाना ही नहीं, बल्कि फिल्म निर्माण और निवेश का एक बड़ा केंद्र बने। फिल्म नीति, सब्सिडी और बेहतर सुविधाओं के जरिए बिहार में फिल्म उद्योग को नई गति देने की तैयारी है।

अब देखना होगा कि गोवा फिल्म फेस्टिवल में बिहार की इस पहल से राज्य में फिल्म निर्माण और निवेश के कितने नए रास्ते खुलते हैं।

Share This Article