मुस्लिम शादियों में गूंजते हैं राम-दशरथ के गीत 700 साल पुरानी परंपरा, धर्म बदला लेकिन नहीं भूले पूर्वजों की संस्कृति

Muskan Gupta

NEWS PR डेस्क : बिहार के दो गांवों की कहानी सांप्रदायिक सौहार्द और सांस्कृतिक विरासत की ऐसी मिसाल है, जिसे सुनकर आप भी हैरान रह जाएंगे। यहां मुस्लिम परिवारों में होने वाली शादियों में भगवान राम और राजा दशरथ के गीत गाए जाते हैं। शादी में मड़वा गाड़ने से लेकर हल्दी, सिंदूर और टोकरी में पैर रखकर गृह प्रवेश तक, हिंदू रीति-रिवाजों को आज भी पूरी श्रद्धा के साथ निभाया जाता है। करीब 600 से 700 साल पुरानी ये परंपराएं धर्म बदलने के बाद भी पीढ़ियों से कायम हैं।

यह अनोखी परंपरा औरंगाबाद जिले के हसपुरा प्रखंड के पिरु और बनतारा गांव की है। यहां रहने वाले मुस्लिम परिवारों का कहना है कि उनके पूर्वज करीब 14वीं शताब्दी में तुगलक काल के दौरान हिंदू भूमिहार परिवारों से इस्लाम धर्म में आए थे, लेकिन अपनी पुरानी संस्कृति, रीति-रिवाज और पारिवारिक रिश्तों को नहीं छोड़ा।

शादी में आज भी निभाए जाते हैं हिंदू रीति-रिवाज

पिरु गांव में शादी के दौरान मड़वा में हल गाड़ने, हल्दी लगाने, सिंदूर की रस्म, जूता लुकाई और टोकरी में पैर रखकर घर में प्रवेश जैसी परंपराएं निभाई जाती हैं। इतना ही नहीं, शादी के मौके पर महिलाएं राम और दशरथ से जुड़े पारंपरिक गीत भी गाती हैं।

पिरु निवासी मोहम्मद शाहनवाज खान बताते हैं कि उनके पूर्वजों के समय से ही ये परंपराएं चली आ रही हैं। गांव के इतिहास को स्वर्गीय अमानुल्लाह खान ने अपनी पुस्तक ‘पिरु एक परिचय’ में भी दर्ज किया है।

बनतारा में भी कायम है पूर्वजों की विरासत

बनतारा गांव में भी शादी के दौरान मड़वा, भतवान, हल्दी और राम-दशरथ के गीत गाने की परंपरा आज तक जारी है। यहां के परिवारों के हिंदू रिश्तेदारों के साथ शादी-विवाह और त्योहारों में मेल-मिलाप बना हुआ है।

बदलते दौर में कुछ परंपराएं जरूर कम हुई हैं, लेकिन इन गांवों के लोगों ने अपनी सांस्कृतिक पहचान को आज भी सहेजकर रखा है।

पिरु और बनतारा की यह कहानी बताती है कि धर्म अलग हो सकता है, लेकिन संस्कृति, पूर्वजों की विरासत और इंसानी रिश्ते पीढ़ियों तक लोगों को जोड़कर रख सकते हैं। यही बिहार की गंगा-जमुनी तहजीब और सांप्रदायिक सौहार्द की खूबसूरत मिसाल है।

गया से आशीष कुमार की रिपोर्ट ;-

Share This Article