‘अंगना दुआर सगरी महल अटरिया’ पर झूमे नीतीश कुमार, लोकगायक की प्रस्तुति का लिया आनंद

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार का लोक संगीत के प्रति लगाव एक बार फिर देखने को मिला। पटना में जदयू नेता श्याम रजक की पत्नी की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में नीतीश कुमार जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा के साथ शामिल हुए।

कार्यक्रम में प्रसिद्ध लोकगायक भरत शर्मा व्यास ने अपनी लोकगीत प्रस्तुति से माहौल को भावपूर्ण बना दिया। नीतीश कुमार काफी देर तक उनकी प्रस्तुति को ध्यानपूर्वक सुनते नजर आए।
भरत शर्मा व्यास के गीत ने बांधा समां
कार्यक्रम के दौरान भरत शर्मा व्यास ने अपने चर्चित लोकगीत ‘अंगना दुआर सगरी महल अटरिया, तोरा बिन नीक नाहीं लागे रे सांवरिया’ की प्रस्तुति दी। गीत में विरह और निर्गुण भाव की झलक देखने को मिली।नीतीश कुमार मंच के पास श्याम रजक और संजय कुमार झा के साथ बैठे रहे। लोकगायक की प्रस्तुति के दौरान वे दोनों नेताओं से बीच-बीच में बातचीत भी करते दिखाई दिए। गीत की पंक्तियों पर नीतीश कुमार ने तालियां बजाकर कलाकार का उत्साह बढ़ाया।
लोक संस्कृति से जुड़ाव की दिखी झलक
कार्यक्रम में नीतीश कुमार के हाव-भाव से साफ नजर आया कि वह लोकगीत की प्रस्तुति का आनंद ले रहे थे। बिहार की लोक कला और सांस्कृतिक विरासत को लेकर नीतीश कुमार की रुचि समय-समय पर सामने आती रही है। इस कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी ने एक बार फिर उनके लोक संगीत प्रेम की झलक दिखाई।
राजनीतिक गतिविधियों में भी सक्रिय
मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद भी नीतीश कुमार राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय नजर आ रहे हैं। वे लगातार जदयू नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर रहे हैं। इसके साथ ही विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों में भी उनकी मौजूदगी देखी जा रही है। हाल के दिनों में नीतीश कुमार की महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना करते हुए तस्वीर सामने आई थी। इसके बाद उन्होंने राजधानी के एक अस्पताल पहुंचकर इलाजरत मंत्री का हालचाल भी जाना था।

Share This Article