NEWS PR डेस्क: पश्चिम चंपारण के बेतिया नगर निगम परिसर में पीएम सूर्य घर योजना को लेकर एक दिवसीय पीएम सौर्य सह लोन मेले का आयोजन किया गया। मेले में सोलर प्लांट, सरकारी सब्सिडी और बैंक ऋण से जुड़ी जानकारी लेने के लिए लोग पहुंचे।कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह, डीडीसी काजले वैभव, विद्युत विभाग के वरीय पदाधिकारी और लीड बैंक के एलडीएम आरके पांडेय समेत कई अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

डीएम ने सोलर कंपनियों के स्टॉल का किया निरीक्षण
जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने मेले में विभिन्न सोलर कंपनियों की ओर से लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया। उन्होंने सोलर सिस्टम की कार्यप्रणाली, प्लांट लगाने की प्रक्रिया और उपभोक्ताओं को मिलने वाले लाभ की जानकारी ली।डीएम ने कहा कि पीएम सूर्य घर योजना आम लोगों के लिए एक महत्वाकांक्षी योजना है। मेले के माध्यम से लोगों को सोलर प्लांट लगाने, सरकारी अनुदान प्राप्त करने और बैंक से ऋण लेने की प्रक्रिया की जानकारी एक ही जगह पर उपलब्ध कराई जा रही है।उन्होंने जिले के लोगों से अपील की कि वे योजना की जानकारी प्राप्त कर इसका अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
सब्सिडी के लिए इन दस्तावेजों की होगी जरूरत
कार्यपालक अभियंता विद्युत विभाग बेतिया मदन कुमार ने बताया कि घर पर सोलर प्लांट लगाने के लिए उपभोक्ता को कुछ जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने होंगे।इसके लिए विद्युत कंज्यूमर नंबर, आधार कार्ड और बैंक पासबुक या कैंसिल चेक की आवश्यकता होगी। इन दस्तावेजों के आधार पर सरकारी सब्सिडी की राशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में भेजी जा सकेगी।
बैंक से लोन की सुविधा की भी दी गई जानकारी
मेले में विभिन्न बैंकों की ओर से भी स्टॉल लगाए गए थे। यहां लोगों को सोलर प्लांट लगाने के लिए उपलब्ध ऋण सुविधा, आवेदन प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेजों के बारे में जानकारी दी गई।आयोजकों का उद्देश्य लोगों को सौर ऊर्जा अपनाने के साथ-साथ योजना के तहत मिलने वाली सरकारी सहायता और बैंकिंग सुविधा से जोड़ना रहा। पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट