NEWS PR डेस्क: रक्षाबंधन के पावन अवसर पर बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) ने राज्य की महिलाओं और छात्राओं के लिए बड़ी राहत की घोषणा की है। निगम के आधिकारिक आदेश के अनुसार, 27 और 28 अगस्त 2026 को महिलाएं और छात्राएं BSRTC की बसों में पूरी तरह निःशुल्क यात्रा कर सकेंगी।

2 दिनों तक नहीं देना होगा किराया
फुलवारीशरीफ स्थित पटना प्रशासन मुख्यालय से जारी पत्रांक-3312, दिनांक 25 अगस्त 2026 के तहत यह फैसला लिया गया है। रक्षाबंधन के दौरान महिलाओं को अपने भाई-बहनों और परिवार के सदस्यों से मिलने में किसी तरह की आर्थिक परेशानी न हो, इसी उद्देश्य से यह सुविधा दी गई है।
शहर से लेकर अंतर-जिला बसों तक सुविधा
मुफ्त यात्रा की सुविधा BSRTC के 6 क्षेत्रीय कार्यालयों के अंतर्गत आने वाले सभी 19 डिपो/प्रतिष्ठानों से संचालित बसों में लागू होगी। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं: पटना,गयाजी,मुजफ्फरपुर,दरभंगा,भागलपुर,पूर्णिया। इस दौरान नगर बस सेवाओं के साथ-साथ अंतर-जिला मार्गों पर चलने वाली BSRTC बसों में भी महिलाओं और छात्राओं से किराया नहीं लिया जाएगा।
बस अड्डों पर सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश
त्योहार के दौरान यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए निगम ने बस अड्डों पर सुरक्षा और यात्री व्यवस्था को लेकर भी विशेष निर्देश जारी किए हैं। क्षेत्रीय प्रबंधकों और डिपो प्रभारियों को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। निगम ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि 27 और 28 अगस्त को यात्रा करने वाली किसी भी महिला या छात्रा से टिकट शुल्क नहीं वसूला जाए।
महिलाओं के लिए बड़ी राहत
रक्षाबंधन के मौके पर BSRTC का यह निर्णय राज्य की महिलाओं और छात्राओं के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है। इससे त्योहार के दौरान अपने परिवार से मिलने के लिए बस से यात्रा करने वाली महिलाओं को बिना किराए के सफर करने की सुविधा मिलेगी।