TRE-4 Exam 2026: अब PT और Mains नहीं, एक ही चरण में होगी शिक्षक भर्ती परीक्षा

Rashmi Tiwari
रक्षाबंधन पर बिहार की बेटियों के लिए नई योजनाओं की सौगात देते मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी।

NEWS PR डेस्क: बिहार शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4 के अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। चौथे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा अब एक ही चरण में आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार, 27 अगस्त 2026 को अपने एक्स हैंडल के जरिए इसकी जानकारी दी।

पहले PT और Mains परीक्षा का था प्रावधान
TRE-4 परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों के बीच लंबे समय से असमंजस की स्थिति थी। पहले परीक्षा को PT और Mains दो चरणों में आयोजित किए जाने की बात थी। इसके विरोध में छात्र लगातार एक चरण में परीक्षा कराने की मांग कर रहे थे। अब सरकार ने छात्रों की इस मांग को स्वीकार कर लिया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि सरकार छात्रों की मांगों को लेकर शुरू से ही गंभीर रही है। उन्होंने बताया कि इस बार TRE-4 परीक्षा एकल चरण में आयोजित की जाएगी।
परीक्षा सुधार के लिए विशेषज्ञ समिति का गठन
मुख्यमंत्री ने बताया कि विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सुधार के लिए अनुशंसाएं देने के उद्देश्य से ‘परीक्षा सुधार पर एक विशेषज्ञ समिति’ का गठन किया गया है। इस समिति की अध्यक्षता पटना हाईकोर्ट के एक न्यायाधीश करेंगे। समिति न केवल परीक्षा व्यवस्था में सुधार के संबंध में सुझाव देगी, बल्कि विभिन्न परीक्षाओं से जुड़ी छात्रों की शिकायतों की भी सुनवाई करेगी। अभ्यर्थी परीक्षा से संबंधित अपनी समस्याएं और शिकायतें समिति के सामने रख सकेंगे।
9 अन्य महत्वपूर्ण फैसलों का भी ऐलान
मुख्यमंत्री के मुताबिक, TRE-4 को एक चरण में कराने के अलावा छात्रों से जुड़े 9 अन्य महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए गए हैं। सरकार का उद्देश्य भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और व्यवस्था में सुधार करना है। परीक्षा प्रक्रिया से जुड़ी शिकायतों और सुझावों को विशेषज्ञ समिति के समक्ष रखने की व्यवस्था की जाएगी। समिति की रिपोर्ट और अनुशंसाओं के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

Share This Article