NEWS PR डेस्क: वैशाली जिले के लालगंज में गुरुवार को NHAI की निर्माणाधीन सड़क परियोजना के दौरान अचानक बड़ा हादसा हो गया। भारतमाला परियोजना के तहत तैयार किए जा रहे NH-139W फोरलेन पर पुल निर्माण का काम चल रहा था। इसी दौरान पुल को स्थापित करने में इस्तेमाल किया जा रहा लॉन्चिंग सिस्टम अचानक नीचे आ गिरा। हादसे के समय वहां काम कर रहे कई मजदूर इसकी चपेट में आ गए।

लॉन्चर के गिरते ही निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भारी ढांचा गिरने से जोरदार आवाज हुई, जिसके बाद आसपास मौजूद लोग घटनास्थल की ओर पहुंचे। कुछ ही देर में मौके पर राहत और बचाव का काम शुरू कर दिया गया। जानकारी के मुताबिक, करीब 6 -7 श्रमिक दुर्घटना में घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों के साथ निर्माण कार्य में लगे कर्मचारियों ने मिलकर घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी को इलाज के लिए लालगंज रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दो मजदूरों की स्थिति चिंताजनक बताई गई। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया। निर्माण स्थल पर लॉन्चर गिरने के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे के बाद निर्माण स्थल की सुरक्षा व्यवस्था और काम के दौरान अपनाए जा रहे सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।