बिहार के तीन दिग्गज नेताओं को मिले सम्मान: तेजस्वी ने CM सम्राट को लिखा पत्र, शरद यादव-रघुवंश बाबू और रामविलास पासवान की प्रतिमा लगाने की मांग

Shreya Raj
तेजस्वी यादव की प्रेस वार्ता के दौरान की तस्वीर, जिसमें उन्होंने बिहार के वरिष्ठ नेताओं की प्रतिमाएं स्थापित करने को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखा है।

NEWS PR डेस्क: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और आरजेडी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखकर राज्य के तीन दिवंगत दिग्गज नेताओं शरद यादव, डॉ. रघुवंश प्रसाद सिंह और रामविलास पासवान की स्मृति को स्थायी रूप देने की मांग की है। तेजस्वी ने कहा है कि बिहार और देश की राजनीति में इन नेताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा है, इसलिए राज्य सरकार को उनकी प्रतिमाएं स्थापित कर उचित सम्मान देना चाहिए। यह मांग ऐसे समय सामने आई है, जब लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने भी पटना के जेपी गंगा पथ स्थित मरीन ड्राइव के एक प्रमुख गोलंबर का नाम रामविलास पासवान के नाम पर रखने और वहां उनकी आदमकद प्रतिमा लगाने की मांग की है।

शरद यादव, रघुवंश बाबू और रामविलास पासवान के योगदान का किया जिक्र

तेजस्वी यादव ने अपने पत्र में इन तीनों नेताओं के लंबे राजनीतिक और सामाजिक जीवन को याद किया। शरद यादव बिहार की राजनीति के साथ राष्ट्रीय स्तर पर भी सक्रिय रहे और कई बार संसद पहुंचे। उनका मधेपुरा से भी लंबा राजनीतिक जुड़ाव रहा। डॉ. रघुवंश प्रसाद सिंह वैशाली से लंबे समय तक सांसद रहे और केंद्र सरकार में मंत्री की जिम्मेदारी निभाई वहीं, रामविलास पासवान ने करीब पांच दशकों तक राष्ट्रीय राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और गरीब, दलित, पिछड़े तथा वंचित वर्गों की आवाज के रूप में अपनी पहचान बनाई।

तेजस्वी का कहना है कि इन नेताओं की राजनीतिक विचारधारा अलग-अलग दौर में अलग दलों से जुड़ी रही, लेकिन बिहार और देश के सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर देखा जाना चाहिए।

मरीन ड्राइव गोलंबर को लेकर भी उठी मांग

इससे पहले लोजपा (रामविलास) के बिहार प्रभारी और जमुई सांसद अरुण भारती, प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक तथा राष्ट्रीय महासचिव एवं राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी धीरेंद्र कुमार मुन्ना ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की थी। प्रतिनिधिमंडल ने पटना के जेपी गंगा पथ यानी मरीन ड्राइव के एक प्रमुख गोलंबर का नाम “पद्म भूषण श्रद्धेय राम विलास पासवान गोलंबर” रखने और वहां उनकी भव्य आदमकद प्रतिमा स्थापित करने की मांग की।

सरकार से सकारात्मक फैसले की उम्मीद

लोजपा (रामविलास) नेताओं का कहना है कि मरीन ड्राइव बिहार के बदलते स्वरूप, विकास और आधुनिकता का प्रतीक बन चुका है। ऐसे महत्वपूर्ण स्थान पर रामविलास पासवान की स्मृति को स्थायी रूप देना उनके योगदान के प्रति सम्मान होगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सामने मांग रखे जाने के बाद अब तेजस्वी यादव की ओर से भी दिवंगत नेताओं की प्रतिमाओं का मुद्दा उठाए जाने से बिहार में महापुरुषों और वरिष्ठ नेताओं को सम्मान देने की चर्चा तेज हो गई है।

Share This Article