NEWS PR डेस्क :NEWS PR डेस्क : बाढ़ की विभीषिका के बीच महावीर मंदिर, पटना जंक्शन ने सेवा और मानवता की मिसाल पेश की है। शनिवार को महावीर मंदिर की ओर से राघोपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न बाढ़ प्रभावित इलाकों में करीब तीन हजार बाढ़ पीड़ितों के बीच अल्पाहार, मिठाई और सीलबंद पानी का वितरण किया गया।

महावीर मंदिर के इस राहत अभियान के तहत बिदुपुर प्रखंड के बाजितपुर भिंडा बाढ़ पीड़ित कैंप, चेचर घाट, खालसा घाट, मनियापुर, दीघा घाट, एलसीटी घाट और राघोपुर समेत कई इलाकों में लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाई गई। बाढ़ के बीच नाव पर सवार लोगों को भी अल्पाहार और पेयजल उपलब्ध कराया गया। वहीं राघोपुर के सिक्स लेन पुल के नीचे और महादलित टोला में भी राहत सामग्री का वितरण किया गया।
अल्पाहार के पैकेट में खस्ता कचौड़ी, मिठाई और सीलबंद पानी शामिल था। राहत सामग्री मिलने के बाद बाढ़ पीड़ितों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई। लोगों ने महावीर मंदिर और बजरंगबली के जयकारे लगाकर आभार जताया। दरअसल, महावीर मंदिर धार्मिक सेवा के साथ-साथ सामाजिक और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए भी जाना जाता है। अयोध्या में राम रसोई, पटना में दरिद्र नारायण भोजन, सीतामढ़ी में सीता रसोई और गया में विष्णु रसोई जैसे सेवा कार्यों के साथ महावीर मंदिर की ओर से कई अस्पतालों का भी संचालन किया जा रहा है।
वर्तमान बाढ़ की स्थिति को देखते हुए श्री महावीर स्थान न्यास समिति के सचिव सायण कुणाल ने बाढ़ पीड़ितों के बीच अल्पाहार वितरण का निर्देश दिया था। इसी निर्देश के तहत यह राहत अभियान चलाया गया। इस दौरान आरसी शेषाद्रि, अंजनी पांडेय, अनिमेष, पंकज कुमार, गोरखनाथ सिंह, सुरजीत मिश्रा समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। बाढ़ की इस मुश्किल घड़ी में महावीर मंदिर की यह पहल जरूरतमंदों के लिए राहत के साथ-साथ इंसानियत और सेवा की एक बड़ी मिसाल बनकर सामने आई है।