बिहार में बाढ़ के नुकसान का होगा आकलन, शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में केंद्रीय टीम का दो दिवसीय दौरा

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : बिहार में बाढ़ से हुए नुकसान का विस्तृत आकलन करने के लिए केंद्रीय टीम दो दिवसीय दौरे पर बिहार पहुंची है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में टीम बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करने के साथ-साथ सड़क मार्ग से ग्राउंड जीरो पर भी स्थिति का जायजा लेगी। केंद्रीय टीम राज्य के 15 बाढ़ प्रभावित जिलों में हुए नुकसान का आकलन करेगी। इस दौरान फसलों, सड़कों और अन्य बुनियादी ढांचे, गरीब परिवारों के क्षतिग्रस्त मकानों तथा किसानों को हुए नुकसान की जानकारी जुटाई जाएगी।

पटना एयरपोर्ट पहुंचेगी केंद्रीय टीम
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व वाली टीम के पटना पहुंचने के बाद बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण शुरू होगा। आज के कार्यक्रम में मनेर, दिघवारा, बिदुपुर, मुंगेर और भागलपुर के प्रभावित क्षेत्रों का दौरा शामिल है। शिवराज सिंह चौहान हवाई सर्वेक्षण के अलावा सड़क मार्ग से भी प्रभावित इलाकों में पहुंचकर स्थिति देखेंगे। दोपहर करीब 12:15 बजे सीएम सचिवालय में संवाद कार्यक्रम और अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक प्रस्तावित है।बैठक में बाढ़ से हुए नुकसान की स्थिति, राहत एवं बचाव कार्य और प्रभावित लोगों को उपलब्ध कराई जा रही सहायता की समीक्षा की जा सकती है।
मुंगेर और नवगछिया में भी होगा निरीक्षण
केंद्रीय टीम करीब दोपहर 1:30 बजे पटना से मुंगेर के लिए रवाना होगी। लगभग सवा दो बजे टीम के नवाबगढ़ी पहुंचने का कार्यक्रम है। यहां केंद्रीय टीम बाढ़ राहत शिविरों में रह रहे लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और राहत व्यवस्था की जानकारी लेगी। इसके बाद टीम नवगछिया के कोजीकरैया बांध का निरीक्षण करेगी।
भागलपुर में बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात
दौरे के अगले चरण में टीम भागलपुर पहुंचेगी, जहां बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी स्थिति की जानकारी ली जाएगी। केंद्रीय टीम रात में भागलपुर में ही ठहरेगी। अगले दिन यानी 17 तारीख की सुबह भी बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात और स्थिति का जायजा लेने के बाद टीम पटना लौटेगी।
केंद्रीय टीम की रिपोर्ट पर राहत पैकेज की उम्मीद
बिहार सरकार ने प्रभावित जिलों के जिलाधिकारियों को केंद्रीय टीम के सामने प्रस्तुत करने के लिए नुकसान की सटीक और विस्तृत रिपोर्ट तैयार रखने के निर्देश दिए हैं। केंद्रीय टीम के आकलन के बाद बाढ़ से हुए नुकसान की विस्तृत तस्वीर सामने आएगी। इसी आकलन के आधार पर बिहार को संभावित विशेष राहत पैकेज और अतिरिक्त वित्तीय सहायता को लेकर केंद्र सरकार की ओर से आगे की कार्रवाई की जा सकती है।

Share This Article