NEWS PR डेस्क: भागलपुर: जिले में बाढ़ की गंभीर स्थिति के बीच राहत और बचाव कार्यों को लेकर आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सदा ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। भागलपुर पहुंचे मंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर हालात का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर राहत कार्यों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार की प्राथमिकता बाढ़ से प्रभावित हर व्यक्ति तक समय पर सहायता पहुंचाना है।
कम्युनिटी किचन तक नहीं पहुंचने वालों को मिलेगा सूखा राशन
मंत्री रत्नेश सदा ने निर्देश दिया कि जिन इलाकों में बाढ़ पीड़ित किसी कारण कम्युनिटी किचन तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, वहां उनके लिए सूखा राशन के पैकेट उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने नाथनगर के पश्चिमी क्षेत्र में एक नया कम्युनिटी किचन शुरू करने का भी निर्देश दिया, ताकि प्रभावित लोगों को भोजन के लिए परेशानी न हो।
13 पंचायतों से मिले आवेदनों का तत्काल सत्यापन
समीक्षा के दौरान मंत्री ने 13 प्रभावित पंचायतों से प्राप्त आवेदनों को जिलाधिकारी को सौंपा। उन्होंने इन आवेदनों का जल्द सत्यापन कराने और पात्र लोगों तक राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि बाढ़ पीड़ितों को सरकारी सहायता मिलने में किसी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए।

जीआर राशि की सूची में पारदर्शिता पर जोर
बाढ़ प्रभावित परिवारों को मिलने वाली जीआर राशि को लेकर भी मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लाभुकों की सूची पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए और कोई भी वास्तविक बाढ़ पीड़ित सहायता से छूटना नहीं चाहिए। पात्र लाभुकों के बैंक खातों में सहायता राशि जल्द भेजने की प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया।
राहत शिविरों में स्वास्थ्य और पशुओं की व्यवस्था के निर्देश
मंत्री ने राहत शिविरों में मेडिकल टीम की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही सर्पदंश रोधी इंजेक्शन पर्याप्त मात्रा में रखने के निर्देश दिए गए हैं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं के लिए पर्याप्त चारा और लोगों के लिए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
लापरवाही पर होगी जवाबदेही
रत्नेश सदा ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि राहत कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही या लालफीताशाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि कोई वास्तविक बाढ़ पीड़ित सरकारी राहत से वंचित रह जाता है तो संबंधित स्तर पर जवाबदेही तय की जाएगी। सरकार का उद्देश्य संकट की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराना है।
भागलपुर से रिपोर्टर: श्यामानंद सिंह