PM मोदी के जन्मदिन और विश्वकर्मा पूजा पर CM सम्राट चौधरी का संदेश, विकास और सेवा पर जोर

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘नए भारत का शिल्पकार’ बताते हुए उनके स्वस्थ, सफल और दीर्घायु जीवन की कामना की। साथ ही मुख्यमंत्री ने विश्वकर्मा पूजा पर देश और प्रदेश के सभी श्रमिकों को बधाई देते हुए बिहार के विकास में उनके योगदान को महत्वपूर्ण बताया

मुख्यमंत्री ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी अपने संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र और देशसेवा के लिए समर्पित किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री के लंबे राष्ट्रसेवा के सफर को नमन करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना की।

17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक पूरे बिहार में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। इसके तहत ‘सेवा सेतु अभियान’ के अंतर्गत सभी प्रखंडों और विधानसभा क्षेत्रों में ‘सरकार आपके द्वार’ समाधान शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से आम लोगों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मार्च 2027 तक ‘कायाकल्प अभियान’ के माध्यम से विकास कार्यों को गति देने पर विशेष जोर रहेगा। इसके साथ ही स्वच्छता, सरकारी सेवाओं की गुणवत्ता और उनकी आम लोगों तक पहुंच को और प्रभावी बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर एक दीप जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं सफल जीवन के साथ विकसित भारत और समृद्ध बिहार के संकल्प को मजबूत करें।
श्रमिकों के योगदान को बताया महत्वपूर्ण
विश्वकर्मा पूजा की शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सृजन और निर्माण के प्रणेता भगवान विश्वकर्मा की आराधना का पर्व है। उन्होंने कहा कि बिहार विभिन्न क्षेत्रों में विकास के नए आयाम हासिल कर रहा है और इसमें श्रमिकों का अतुलनीय योगदान है।
मुख्यमंत्री ने श्रमिकों और श्रम संगठनों से राज्य के औद्योगिक विकास और उत्पादकता बढ़ाने में सहयोग की अपील की। उन्होंने विश्वास जताया कि श्रमिकों के सहयोग से बिहार लगातार प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहेगा।
भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्यवासियों से विश्वकर्मा पूजा को आपसी भाईचारे, प्रेम और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्व के अवसर पर समाज में एकता, सद्भाव और आपसी सहयोग की भावना को और मजबूत किया जाना चाहिए।

Share This Article