NEWS PR डेस्क : पटना/दानापुर: मादक पदार्थों की तस्करी और खरीद-बिक्री के खिलाफ पटना पश्चिम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 176.4 किलो गांजा बरामद किया है। पुलिस ने नौबतपुर और दानापुर थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान गांजा ढोने में इस्तेमाल एक पिकअप वाहन समेत इलेक्ट्रॉनिक तराजू, कैलकुलेटर और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

पटना सिटी एसपी पश्चिमी संकेत कुमार ने बताया कि एसएसपी पटना के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और खरीद-बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की गई।

नौबतपुर में 160 किलो गांजा बरामद
पहली कार्रवाई नौबतपुर थाना क्षेत्र में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक वाहन के जरिए भारी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम ने बिहटा-नौबतपुर क्षेत्र में ओवरब्रिज के समीप संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान वाहन से करीब 160 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से पंकज कुमार और अविनाश कुमार को गिरफ्तार किया। पंकज कुमार जहानाबाद के रहने वाले हैं, जबकि अविनाश कुमार का पता दीघा, पटना बताया गया है। गांजा की ढुलाई में इस्तेमाल पिकअप वाहन को भी पुलिस ने जब्त कर लिया।
असम से बिहार लाकर पटना में सप्लाई का खुलासा
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में यह बात सामने आई है कि गांजा असम से बिहार लाया जाता था और पटना जिले के अलग-अलग इलाकों में छोटे-छोटे दुकानदारों तक इसकी सप्लाई की जाती थी। पुलिस अब इस नेटवर्क के मुख्य सप्लायर और अन्य जुड़े लोगों की पहचान करने में जुटी है।
दानापुर में 16.4 किलो गांजा के साथ एक गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई दानापुर थाना क्षेत्र के पाचू चौक स्थित एक मकान में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि मकान में गांजा रखकर उसकी खरीद-बिक्री की जा रही है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 16.4 किलो गांजा बरामद किया।
मौके से इलेक्ट्रॉनिक तराजू, तीन छोटे इलेक्ट्रॉनिक तराजू, कैलकुलेटर और मोबाइल फोन समेत अन्य सामान जब्त किए गए। इस मामले में पुलिस ने अखिलेश मिश्रा, निवासी बेउर, को गिरफ्तार किया है।
दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच के आधार पर मादक पदार्थों के पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। दानापुर से पशुपतिनाथ शर्मा की रिपोर्ट