NEWS PR डेस्क: पटना, 27 जून। बिहार सरकार राजधानी के मरीन ड्राइव को विश्वस्तरीय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। इस परियोजना के तहत गंगा किनारे महिला हाट, रिवरफ्रंट वॉकवे, साइकिल ट्रैक और आधुनिक पार्किंग जैसी कई नई सुविधाएं विकसित की जाएंगी। सरकार का उद्देश्य पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना भी है।
परियोजना के तहत मरीन ड्राइव पर एक आकर्षक कॉरिडोर बनाया जाएगा, जिसमें विशेष रूप से जीविका दीदियों के लिए महिला हाट विकसित किया जाएगा। यहां स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं अपने उत्पादों की बिक्री कर सकेंगी। महिला हाट में बिहार के पारंपरिक व्यंजन, हस्तशिल्प, खादी उत्पाद और घरेलू उपयोग की वस्तुएं उपलब्ध होंगी, जिससे स्थानीय उत्पादों को पर्यटकों तक पहुंचाने का नया मंच मिलेगा।
सरकार की योजना के अनुसार, लगभग छह किलोमीटर लंबा रिवरफ्रंट वॉकवे भी तैयार किया जाएगा। इसमें बैठने की बेहतर व्यवस्था, आकर्षक लाइटिंग और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। लोग सुबह-शाम गंगा किनारे सैर का आनंद लेने के साथ-साथ गंगा आरती और नदी के मनोरम दृश्य का भी आनंद उठा सकेंगे।

यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जेपी गंगा पथ के किनारे बड़े पैमाने पर आधुनिक पार्किंग सुविधा भी विकसित की जाएगी। यहां दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था होगी, जिससे सड़क किनारे वाहनों की भीड़ कम होगी और जाम की समस्या से राहत मिलेगी।
सरकार का मानना है कि इस परियोजना से पटना का मरीन ड्राइव न केवल शहरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा, बल्कि राज्य में पर्यटन और स्थानीय रोजगार को भी नई गति मिलेगी। विशेष रूप से जीविका दीदियों को अपने उत्पादों के विपणन का स्थायी मंच मिलने से उनकी आय बढ़ेगी और महिला सशक्तीकरण को भी मजबूती मिलेगी।
