वाल्मीकिनगर में भव्य पासिंगआउट परेड, 266 महिला जवानों को मिला नियुक्ति पत्र

215 दिनों का कठिन प्रशिक्षण पूरा करने के बाद 266 महिला जवानों ने पासिंग आउट परेड में दमदार प्रदर्शन किया, नियुक्ति पत्र पाकर पुलिस सेवा में नई जिम्मेदारी संभालने को तैयार

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क:पश्चिम चंपारण के वाल्मीकिनगर स्थित महिला स्वाभिमान बटालियन परिसर में शुक्रवार को भव्य पासिंग आउट परेड का आयोजन किया गया। 215 दिनों का कठिन बुनियादी प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाली 266 महिला जवानों को इस अवसर पर नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। शानदार मार्चपास्ट, अनुशासन और आत्मविश्वास से प्रशिक्षु महिला जवानों ने समारोह में मौजूद वरिष्ठ अधिकारियों और अतिथियों को प्रभावित किया।


समारोह को संबोधित करते हुए महिला स्वाभिमान बटालियन की कमांडेंट निर्मला कुमारी ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद प्रशिक्षकों और प्रशिक्षु जवानों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के बल पर उच्च गुणवत्ता का प्रशिक्षण सुनिश्चित किया गया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान शारीरिक दक्षता, मानसिक मजबूती, कानून-व्यवस्था, हथियार संचालन और पुलिस सेवा से जुड़े विभिन्न व्यावहारिक पहलुओं का व्यापक प्रशिक्षण दिया गया।
कमांडेंट ने बताया कि वर्ष 2025 बैच के अंतर्गत सीटीएस रामनगर से 62, जमालपुर से 9, कटिहार से 41, सिंगरताला से 62, मुजफ्फरपुर से 18, पटना से 16 और डुमराव से 68 प्रशिक्षुओं सहित कुल 266 महिला जवानों ने सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा किया।
समारोह में डीआईजी हर किशोर सिंह, बगहा एसपी राजेश कुमार, कमांडेंट निर्मला कुमारी समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने नव नियुक्त महिला जवानों को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए उन्हें ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ पुलिस सेवा निभाने का संदेश दिया। बगहा से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट

Share This Article