लड़की देखने जाने से पहले सड़क हादसे में युवक की मौत, दूसरा गंभीर; गांव में पसरा मातम

Shreya Raj
पश्चिम चंपारण के वाल्मीकिनगर मुख्य मार्ग पर सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल; मौके पर पहुंची 112 टीम ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया।

NEWS PR डेस्क: पश्चिम चंपारण के बगहा में गुरुवार देर शाम हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा वाल्मीकिनगर मुख्य मार्ग पर चमैनिया के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। घटना के बाद मृतक के परिवार और गांव में मातम छा गया है।

शुक्रवार को लड़की देखने जाने की थी तैयारी

मृतक की पहचान नगर क्षेत्र के वार्ड-8 स्थित डुमवलिया डीह निवासी छोटे लाल सोनी के 21 वर्षीय पुत्र अमन कुमार सोनी के रूप में हुई है वहीं, हादसे में घायल युवक की पहचान राजा साह के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 20 वर्ष बताई जा रही है। राजा साह का इलाज अनुमंडलीय अस्पताल में चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब छह बजे अमन कुमार सोनी अपने साथी राजा साह के साथ बाइक से वाल्मीकिनगर से लौट रहे थे। इसी दौरान चमैनिया के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार चारपहिया वाहन को साइड देने के क्रम में बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।

112 टीम ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया

हादसे की सूचना मिलते ही वाल्मीकिनगर की 112 टीम मौके पर पहुंची। टीम ने दोनों घायलों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. चंदन कुमार ने जांच के बाद अमन कुमार सोनी को मृत घोषित कर दिया वहीं, गंभीर रूप से घायल राजा साह का इलाज जारी है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है। हादसा किस वजह से हुआ और इसमें किसी अन्य वाहन की भूमिका थी या नहीं, इसकी पड़ताल की जा रही है।

स्टेशन चौक पर चप्पल-जूते की दुकान चलाते थे अमन

परिजनों ने बताया कि अमन कुमार सोनी की स्टेशन चौक पर चप्पल-जूते की दुकान थी। वह दुकान के बकाया पैसों की तगादा वसूली के सिलसिले में वाल्मीकिनगर गए थे। वहां से लौटने के दौरान यह हादसा हो गया।

परिजनों के अनुसार, अमन को शुक्रवार सुबह लड़की देखने जाना था। वह दो बहनों के बीच इकलौता भाई था और अभी उसकी शादी नहीं हुई थी। परिवार में शादी की तैयारी और खुशी का माहौल बनने वाला था, लेकिन हादसे की खबर ने सबको गहरे सदमे में डाल दिया।

अमन की मौत की सूचना मिलते ही परिवार और मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस घटना के कारणों और पूरे मामले की जांच कर रही है।

पश्चिम चंपारण से रिपोर्टर: मोहम्मद इम्तिआज़

Share This Article