NEWS PR डेस्क:पटना। जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने अपने विधायकों और विधान पार्षदों के लिए शुक्रवार को विशेष ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया। पार्टी कार्यालय स्थित कर्पूरी सभागार में हुए इस कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे हुई।
कार्यक्रम का उद्घाटन JDU के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, मंत्री श्रवण कुमार और निशांत कुमार समेत कई नेता मौजूद रहे।
जनप्रतिनिधियों को सिखाई गई सदन की कार्यप्रणाली
ओरिएंटेशन कार्यक्रम में संसदीय कार्यप्रणाली के विशेषज्ञों को आमंत्रित किया गया है। प्रशिक्षण के दौरान विधायकों और विधान पार्षदों को सदन की कार्यवाही और विधायी प्रक्रिया की बारीकियों की जानकारी दी जा रही है। जनप्रतिनिधियों को यह भी बताया जा रहा है कि सदन में सवाल किस तरह पूछे जाएं और अपने विधानसभा क्षेत्र या क्षेत्र से जुड़े मुद्दों को प्रभावी तरीके से कैसे उठाया जाए।
कानून और बजट की प्रक्रिया पर भी फोकस
प्रशिक्षण में कानून बनाने की प्रक्रिया, विधेयकों पर चर्चा, संशोधन और बजट से जुड़े विषयों को भी शामिल किया गया है। इसके अलावा बिहार की अर्थव्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी जनप्रतिनिधियों को जानकारी दी जाएगी
प्रश्नोत्तर के जरिए कराया जा रहा अभ्यास
नए विधायकों को सदन में अपनी बात रखने का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया जा रहा है। इसके लिए प्रश्नोत्तर के माध्यम से संसदीय परिस्थितियों को समझने और उनमें प्रभावी तरीके से अपनी बात रखने की ट्रेनिंग दी जा रही है।
संजय झा ने बताया कार्यक्रम का उद्देश्य
JDU के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विधायकों और विधान पार्षदों की संसदीय कार्यप्रणाली को लेकर समझ को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि इससे जनप्रतिनिधियों को सदन में अपनी भूमिका अधिक प्रभावी ढंग से निभाने में मदद मिलेगी। पार्टी की ओर से आयोजित यह विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम दिनभर चलेगा।