सरकारी सेवा में नई शुरुआत, 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र; PM मोदी ने दी शुभकामनाएं

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क :देश में त्योहारों के मौसम के बीच शनिवार का दिन हजारों युवाओं और उनके परिवारों के लिए नई उम्मीद और खुशी लेकर आया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 20वें रोजगार मेले का उद्घाटन किया और विभिन्न सरकारी संगठनों में चयनित 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस दौरान उन्होंने नवनियुक्त युवाओं को संबोधित करते हुए सरकारी सेवा में उनकी जिम्मेदारियों और विकसित भारत के निर्माण में उनकी भूमिका पर जोर दिया।
‘नई शुरुआत के लिए सभी को शुभकामनाएं’
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज देश के 51 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं के लिए नियुक्ति पत्र मिल रहे हैं। उन्होंने नवनियुक्त युवाओं और उनके परिवारों को बधाई देते हुए कहा कि इस मुकाम तक पहुंचने के पीछे युवाओं की मेहनत के साथ-साथ उनके माता-पिता और परिजनों का भी योगदान है। उन्होंने कहा कि जीवन की इस नई शुरुआत के लिए सभी युवाओं को शुभकामनाएं हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि नवनियुक्त युवा ऐसे समय में भारत सरकार से जुड़ रहे हैं, जब देश 2047 तक विकसित भारत बनाने के बड़े लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
विकसित और आत्मनिर्भर भारत में युवाओं की बड़ी भूमिका
प्रधानमंत्री ने नवनियुक्त कर्मचारियों से कहा कि सरकारी सेवा में रहते हुए उन्हें ऐसे निर्णय लेने चाहिए, जो विकसित और आत्मनिर्भर भारत के अभियान को लगातार मजबूत करें। उन्होंने कहा कि युवा होने के नाते उनकी जिम्मेदारी केवल सरकारी कामकाज तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के दूसरे युवाओं की आकांक्षाओं को समझना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि भारतीय युवाओं के टैलेंट और स्किल्स ने दुनिया का भरोसा जीता है। आज दुनिया भारत के इनोवेटर्स, उद्यमियों और युवा शक्ति से बड़ी उम्मीदें रखती है।
कविता के जरिए युवाओं में भरा जोश
अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कविता की पंक्तियां भी पढ़ीं—
“सूरज हमारा हो, समंदर भी हमारा हो।
नाव हमारी हो, नाविक भी हमारा हो।
लहरों पर विजय लिखें, वो हौसला हमारा हो।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत का युवा इसी हौसले के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने नवनियुक्त युवाओं से कहा कि अब भारत सरकार में रहते हुए उनकी जिम्मेदारी है कि वे देश के युवाओं की आकांक्षाओं को समझें और अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करें।
2047 के लक्ष्य में युवाओं की भूमिका
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज सरकारी सेवा में शामिल हो रहे युवा देश की विकास यात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा बनने जा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और कौशल का इस्तेमाल देश को आत्मनिर्भर और विकसित बनाने की दिशा में करें।

Share This Article