जमुई में नाबालिग छात्रा से बदसलूकी का आरोपी नंदन यादव पुलिस मुठभेड़ में घायल

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क:जमुई में नाबालिग छात्रा से बदसलूकी के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी नंदन यादव को पकड़ लिया है। पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगी है। घायल आरोपी को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश कर रही थी और इलाके में लगातार छापेमारी की जा रही थी।

पहाड़ी इलाके में पुलिस ने घेरा
पुलिस को सूचना मिली थी कि नंदन यादव मड़वा पहाड़ी के आसपास मौजूद है। इसके बाद टीम ने इलाके में पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान आरोपी ने वहां से निकलने की कोशिश की और आमना-सामना होने पर मुठभेड़ की स्थिति बन गई। कार्रवाई के दौरान उसके पैर में गोली लगी। पुलिस के मुताबिक वायरल वीडियो में लाल गमछा पहने दिख रहा युवक ही नंदन यादव है। मामले में अबतक 6 लोगों की गिरफ्तारी हुई है, जिनमें तीन नाबालिग हैं।
वायरल वीडियो बना जांच का अहम आधार
बता दें कि 19 सितंबर की शाम दो नाबालिग छात्र ट्यूशन के बाद मड़वा पहाड़ी की तरफ गए थे। लौटते समय युवकों के एक समूह ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि छात्रा के साथ बदसलूकी की गई, जबकि उसके साथ मौजूद छात्र के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार किया गया। पूरी घटना का वीडियो बनाया गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने दोनों पीड़ितों तक पहुंचकर उनके बयान दर्ज किए और केस दर्ज किया। जांच टीम ने फुटेज के आधार पर घटना में शामिल बताए जा रहे युवकों की पहचान शुरू की
कई आरोपियों पर कार्रवाई, जांच जारी
पुलिस ने इस मामले में कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है और बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि वीडियो में दिखाई देने वाले लोगों की भूमिका की अलग-अलग जांच की जा रही है। वहीं घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रामाशीष चौधरी के रूप में हुई है। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर यह कार्रवाई की है।

Share This Article