पटना में वाहन पार्किंग की बदलेगी व्यवस्था, मल्टी मॉडल हब में अक्टूबर से लगेगा शुल्क

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: पटना में वाहन पार्क करने वालों के लिए बड़ी खबर है। जीपीओ गोलंबर के पास बने मल्टी मॉडल हब में अब जल्द ही व्यवस्थित पार्किंग की सुविधा शुरू होने जा रही है। अक्टूबर से यहां वाहन खड़ा करने पर पार्किंग शुल्क देना होगा। हालांकि, कार और अन्य वाहनों के लिए शुल्क की दर अभी तय नहीं की गई है।
पार्किंग शुल्क तय करने के लिए हो रहा अध्ययन
पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने मल्टी मॉडल हब के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी निजी एजेंसी को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। स्मार्ट सिटी के सीईओ मो. शमशाद के मुताबिक, पार्किंग शुल्क तय करने से पहले पटना जंक्शन, एयरपोर्ट और शहर के अन्य प्रमुख स्थानों की पार्किंग दरों का अध्ययन किया जा रहा है। इसके बाद मल्टी मॉडल हब के लिए शुल्क निर्धारित किया जाएगा।
225 कार और 32 बसों की पार्किंग
मल्टी मॉडल हब में कई स्तरों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। ग्राउंड फ्लोर पर 6 कार और 32 बसें खड़ी हो सकेंगी। पहली मंजिल पर 67, जबकि दूसरी और तीसरी मंजिल पर 76-76 कारों की क्षमता है। यानी एक साथ 225 कारों की पार्किंग की सुविधा उपलब्ध होगी।
नंबर प्लेट स्कैन होते ही बनेगा टिकट
हब में पार्किंग व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए स्मार्ट पार्किंग मैनेजमेंट सिस्टम लगाया जा रहा है। वाहन के प्रवेश करते ही सेंसर उसे डिटेक्ट करेगा। इसके बाद ANPR कैमरा नंबर प्लेट स्कैन करेगा और सिस्टम अपने आप टिकट जनरेट करेगा। टिकट बनने के बाद बूम बैरियर खुल जाएगा। नियमित रूप से वाहन पार्क करने वालों के लिए मंथली पास की सुविधा भी दी जाएगी। इससे रोजाना हब आने वाले यात्रियों को सहूलियत मिलेगी।
96 बाइक के लिए बनेगी रोटरी पार्किंग
दोपहिया वाहनों के लिए हब परिसर में रोटरी तकनीक आधारित पार्किंग तैयार की जाएगी। इसमें एक साथ 96 बाइक पार्क की जा सकेंगी। पटना स्मार्ट सिटी की ओर से शहर में तीन जगह इस तरह की पार्किंग विकसित करने की योजना है।
निजी एजेंसी करेगी हब और सब-वे का संचालन
पटना के मल्टी मॉडल हब और 440 मीटर लंबे सब-वे के संचालन एवं रखरखाव के लिए निजी एजेंसी के चयन की प्रक्रिया जारी है। 19 सितंबर को हुई टेंडर कमेटी की बैठक में चार एजेंसियों को तकनीकी रूप से योग्य पाया गया है। इन एजेंसियों की योग्यता को लेकर 22 सितंबर तक आपत्तियां आमंत्रित की गई हैं। आपत्तियों की प्रक्रिया पूरी होने के बाद फाइनेंशियल बिड खोली जाएगी। इसके आधार पर एजेंसी का अंतिम चयन किया जाएगा।
रेस्तरां, दुकान और EV चार्जिंग की सुविधा
मल्टी मॉडल हब में व्यावसायिक गतिविधियों के लिए भी पर्याप्त जगह विकसित की गई है। यहां 4763 वर्ग फुट का रेस्तरां, पांच दुकानें, सब-वे में छह दुकानें, ATM और EV चार्जिंग स्टेशन की सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी है। करीब 16 महीने से तैयार मल्टी मॉडल हब अब संचालन के लिए अंतिम चरण में पहुंच गया है। पार्किंग शुल्क और निजी एजेंसी के चयन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अक्टूबर से यहां व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था शुरू होने की उम्मीद है।

Share This Article