दारोगा भर्ती परीक्षा पर बड़ा एक्शन, BPSSC ने 27 मई की परीक्षा की रद्द

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : बिहार पुलिस में दारोगा बनने का सपना देख रहे हजारों अभ्यर्थियों को बड़ा झटका लगा है। बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) ने 27 मई 2026 को आयोजित सब-इंस्पेक्टर (SI) मुख्य परीक्षा को रद्द कर दिया है। आयोग ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर नोटिस जारी कर इसकी जानकारी दी है। परीक्षा रद्द करने के पीछे आयोग ने अपरिहार्य कारणों का हवाला दिया है, हालांकि नोटिस में इसका विस्तृत कारण स्पष्ट नहीं किया गया है।


1799 पदों के लिए हुई थी परीक्षा
बिहार पुलिस में सब-इंस्पेक्टर के 1799 पदों पर भर्ती के लिए 27 मई को मुख्य लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा के बाद इसके परिणाम भी जारी कर दिए गए थे। 19 जून 2026 को जारी परिणाम में कुल 35,857 अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया था।
परीक्षा में गड़बड़ी के आरोपों के बाद शुरू हुई जांच
मुख्य परीक्षा के आयोजन के बाद परीक्षा में कथित अनियमितता को लेकर सवाल उठे थे। इसके बाद मामले की जांच आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने शुरू की। जांच के दौरान परीक्षा केंद्रों से जुड़े CCTV फुटेज, बिजली आपूर्ति के रिकॉर्ड और जैमर लॉग समेत अन्य जानकारियां जुटाई गईं।
जांच में कुछ परीक्षा केंद्रों पर बिजली आपूर्ति बाधित होने और जैमर से जुड़ी गतिविधियों की भी पड़ताल की गई। आरोप यह भी सामने आए कि बिजली कटने के दौरान कुछ केंद्रों पर जैमर बंद होने का फायदा उठाकर प्रश्नपत्र की तस्वीरें बाहर भेजी गईं और उनके उत्तर मंगवाए गए। इसके बाद बिजली आपूर्ति रिकॉर्ड, सीसीटीवी और जैमर लॉग के रिकार्ड ईओयू ने जुटाने शुरू किए।
EOU की जांच रिपोर्ट के बाद लिया गया फैसला
मामले की प्राथमिक जांच के बाद EOU की ओर से रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपी गई। इसके बाद BPSSC की ओर से 27 मई को आयोजित दारोगा मुख्य परीक्षा को रद्द करने का आदेश जारी किया गया।
अब अभ्यर्थियों को नई परीक्षा की तारीख का इंतजार है। आयोग की ओर से नई परीक्षा को लेकर अलग से सूचना जारी की जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे BPSSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी होने वाले अपडेट पर नजर बनाए रखें।

Share This Article