NEWS PR डेस्क: पटना, 07 मई। बिहार सरकार के मंत्रिमंडल में दोबारा शामिल किए जाने के बाद संजय कुमार सिंह ने लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व के विश्वास और मार्गदर्शन की वजह से उन्हें फिर से जनता की सेवा का अवसर मिला है।

संजय कुमार सिंह ने अपने बयान में कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जवाबदेही भी है। उन्होंने चिराग पासवान को अपना मार्गदर्शक और अभिभावक बताते हुए कहा कि उनके स्नेह, विश्वास और संरक्षण के कारण ही उन्हें मंत्रिमंडल में पुनः स्थान मिला है।

उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के प्रति भी कृतज्ञता जताई। मंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य नेतृत्व का भरोसा उनके लिए प्रेरणा का स्रोत है।

संजय कुमार सिंह ने भरोसा दिलाया कि वह चिराग पासवान के ‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ विजन को आगे बढ़ाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम करेंगे। उन्होंने कहा कि बिहार के विकास, युवाओं के सशक्तिकरण और आम लोगों के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।