बीजेपी में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल, हरीश द्विवेदी बिहार प्रभारी, मंगल पांडेय को असम की कमान

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : पटना: बिहार बीजेपी के संगठन में बुधवार को (23 सितंबर) बड़ा बदलाव देखने को मिला है। पार्टी ने कई राज्यों के प्रदेश प्रभारी और सह-प्रभारियों की नई नियुक्ति की है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने इन नियुक्तियों का ऐलान किया। इस संगठनात्मक बदलाव में बिहार के कई नेताओं को भी महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे गए हैं।
नए संगठनात्मक फेरबदल में हरीश द्विवेदी को बिहार बीजेपी का प्रभारी बनाया गया है, जबकि रोहन गुप्ता और संगीता यादव को बिहार का सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है।नई जिम्मेदारियों के ऐलान के बाद बिहार बीजेपी में संगठनात्मक स्तर पर इन नियुक्तियों को महत्वपूर्ण बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है।
मंगल पांडेय को असम की जिम्मेदारी
बिहार बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और मौजूदा विधायक मंगल पांडेय को असम का प्रभारी बनाया गया है। मंगल पांडेय बिहार सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं और संगठन में पहले भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। वहीं बिहार बीजेपी के नेता और पूर्व एमएलसी देवेश कुमार को अरुणाचल प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है। देवेश कुमार ने हाल ही में विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दिया था। उनकी खाली हुई सीट पर दीपक प्रकाश को एमएलसी बनाया गया था।
बिहार के कई नेताओं को मिली जिम्मेदारी
बीजेपी के संगठनात्मक बदलाव में बिहार से आने वाले अन्य नेताओं को भी जिम्मेदारी दी गई है। बीजेपी की एमएलसी निवेदिता सिंह को झारखंड का सह-प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा बिहार के राजेंद्र सिंह और पिंकी कुशवाहा को पश्चिम बंगाल का सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। इस तरह पार्टी के नए संगठनात्मक ढांचे में बिहार के कई नेताओं की भूमिका अलग-अलग राज्यों में बढ़ी है।
सम्राट चौधरी ने दी शुभकामनाएं
हरीश द्विवेदी को बिहार बीजेपी का प्रभारी और रोहन गुप्ता एवं संगीता यादव को सह-प्रभारी बनाए जाने पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुभकामनाएं दीं। सम्राट चौधरी ने कहा, “विश्वास है कि अपने अनुभव एवं संगठनात्मक दायित्वों के माध्यम से बिहार में संगठनात्मक कार्यों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।”

Share This Article