PM सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना: सुपौल में घर-घर पहुंचाने की तैयारी, अंतिम यात्रा रथ का शुभारंभ

Rashmi Tiwari
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क:सुपौल में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रचार-प्रसार को अब और गति दी जाएगी। योजना को आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से नगर परिषद की सामान्य बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिलाधिकारी सावन कुमार ने जनप्रतिनिधियों से सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

इस मौके पर शहरवासियों को एक बड़ी सुविधा की सौगात भी मिली। नगर परिषद सुपौल को एक सुसज्जित अंतिम यात्रा रथ (शव वाहन) समर्पित किया गया, जिससे जरूरतमंद परिवारों को अंतिम संस्कार के दौरान सम्मानजनक और सुगम परिवहन सुविधा मिल सकेगी।
सूर्य घर योजना से लोगों को मिलेगा लाभ: डीएम
नगर परिषद की बैठक में जिलाधिकारी सावन कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। नगर परिषद के मुख्य पार्षद राघवेंद्र झा ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में उप मुख्य पार्षद रजिया प्रवीण, कार्यपालक पदाधिकारी अरविंद कुमार सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
जनप्रतिनिधियों से अपील
बैठक को संबोधित करते हुए डीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना आम लोगों के लिए बेहद उपयोगी योजना है। इसके तहत लोग अपने घरों की छत पर सोलर पैनल लगाकर बिजली का उत्पादन कर सकते हैं, जिससे बिजली के खर्च में कमी आएगी और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में योजना का व्यापक प्रचार करें, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।
सौर ऊर्जा से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ेगा देश: मुख्य पार्षद
मुख्य पार्षद राघवेंद्र झा ने भी शहरवासियों से प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा आने वाले समय की बड़ी जरूरत है। इससे बिजली की बचत के साथ-साथ देश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने लोगों से स्वच्छ ऊर्जा को अपनाने और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने की अपील की।
नगर परिषद को मिला अंतिम यात्रा रथ
कार्यक्रम के दौरान नगर परिषद सुपौल को नया अंतिम यात्रा रथ समर्पित किया गया। जिलाधिकारी सावन कुमार और मुख्य पार्षद राघवेंद्र झा ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर वाहन को रवाना किया।यह वाहन नगर परिषद क्षेत्र के उन परिवारों के लिए मददगार साबित होगा, जिन्हें किसी अपने के निधन के बाद अंतिम यात्रा के लिए परिवहन सुविधा की जरूरत होती है।
गरीब परिवारों को मिलेगी बड़ी राहत
मुख्य पार्षद राघवेंद्र झा ने कहा कि अंतिम यात्रा रथ की शुरुआत मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को मुश्किल समय में राहत मिलेगी और उन्हें सम्मानजनक तरीके से अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी करने में सहायता मिलेगी।उन्होंने एक बार फिर लोगों से प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का लाभ उठाने और स्वच्छ, हरित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में भागीदारी निभाने की अपील की।सुपौल से अल्ताफ राजा की रिपोर्ट

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article