सुनील कुमार सिंह की पत्नी वंदना और बेटे यशस्वी पर चार्जशीट, 27.36 लाख के चना दाल मामले में कार्रवाई

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क:राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के वरिष्ठ नेता और बिहार विधान परिषद के सदस्य सुनील कुमार सिंह के परिवार से जुड़े धोखाधड़ी के मामले में पटना पुलिस ने चार्जशीट दाखिल कर दी है। यह मामला उनकी पत्नी वंदना सिंह और बेटे यशस्वी सिंह के खिलाफ दर्ज किया गया था। मामला ‘भारत चना दाल’ की आपूर्ति के लिए कथित तौर पर ली गई अग्रिम राशि और दाल की आपूर्ति नहीं किए जाने से जुड़ा है। चार्जशीट दाखिल होने के बाद अदालत ने दोनों आरोपियों को पेश होने के लिए नोटिस जारी किया है।
क्या है पूरा मामला?
शिकायतकर्ता आशा इंटरप्राइजेज की प्रोपराइटर मेघा के मुताबिक, उन्होंने चना दाल की खरीद के लिए संबंधित सहकारी समितियों से संपर्क किया था। आरोप है कि जय माता दी कृषक सेवा स्वालाभी सहकारी समिति की अध्यक्ष वंदना सिंह के स्तर पर दाल की आपूर्ति के लिए 23.65 लाख रुपये लिए गए।
वहीं, यशस्वी सिंह पर सारण फल-सब्जी कृषक स्वालाभी सेवा समिति से जुड़े पद के दौरान 3.71 लाख रुपये लेने का आरोप है। शिकायत के अनुसार, दोनों समितियों के खातों में कुल 27.36 लाख रुपये जमा कराए गए, लेकिन दाल की आपूर्ति नहीं हुई और रकम वापस भी नहीं की गई।
1 जून 2025 को दर्ज हुई थी FIR
मेघा ने इस संबंध में 1 जून 2025 को पटना के गर्दनीबाग थाने में मामला दर्ज कराया था। शिकायतकर्ता पक्ष का कहना है कि उनका कारोबार विभिन्न सप्लायरों से फल, सब्जी और खाद्यान्न खरीदकर बाजार में बेचने का है और इसी व्यावसायिक लेनदेन के तहत अग्रिम भुगतान किया गया था।
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान आरोपों के समर्थन में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया गया। अब मामले की आगे की कार्रवाई न्यायालय में होगी। वंदना सिंह और यशस्वी सिंह के खिलाफ लगाए गए आरोपों पर अंतिम निर्णय अदालत के साक्ष्यों और सुनवाई के आधार पर होगा।

Share This Article