NEWS PR डेस्क : फुलवारी शरीफ। बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और सरकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र परिवार तक पहुंचाने के उद्देश्य से फुलवारी शरीफ के नया टोला स्थित उच्च विद्यालय परिसर में मंगलवार को ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, स्थानीय विधायक श्याम रजक, सांसद रविशंकर प्रसाद और समाज कल्याण विभाग की मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों की भूमिका, बच्चों के पोषण और परिवारों तक सरकारी योजनाओं की पहुंच को लेकर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि कोई भी बच्चा पोषण और शिक्षा से वंचित न रहे।
1.15 लाख आंगनबाड़ी केंद्रों के जरिए बच्चों तक पहुंच
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में करीब 1.15 लाख आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से सेविका-सहायिकाएं जमीनी स्तर पर बच्चों और उनके परिवारों से जुड़कर काम कर रही हैं। सरकार की कोशिश है कि इन केंद्रों के माध्यम से बच्चों को बेहतर पोषण और प्रारंभिक शिक्षा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को पौष्टिक आहार मिले, उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित हो और आगे चलकर उनका स्कूल से जुड़ाव मजबूत हो, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
‘आंगन का मिलन’ से परिवारों से सीधे जुड़ेंगी महिलाएं
समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने बताया कि 29, 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को ‘आंगन का मिलन’ के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान जीविका दीदियां, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाएं और जमीनी स्तर पर काम करने वाली महिलाएं बच्चों और उनके परिवारों से सीधे संवाद करेंगी। मंत्री ने कहा कि बच्चों तक पहुंचने के लिए सबसे पहले उनके माता-पिता, खासकर माताओं का विश्वास हासिल करना जरूरी है। इसी उद्देश्य से जमीनी स्तर पर परिवारों के साथ संवाद और संपर्क बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
एक महीने तक चलेगा अभियान
उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम के उद्देश्य को मुख्यमंत्री ने विस्तार से सामने रखा है। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल कुछ दिनों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि एक महीने तक विभिन्न स्तरों पर गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
विधायक श्याम रजक ने जताया आभार
फुलवारी शरीफ के जदयू विधायक श्याम रजक ने कार्यक्रम के लिए फुलवारी शरीफ को चुने जाने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से बच्चों के पिछड़ेपन और आर्थिक कठिनाइयों को कम करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा शुरू की गई योजनाओं को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।
जनप्रतिनिधियों से आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण करने की अपील
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण करने की अपील की। उन्होंने कहा कि केंद्रों पर किसी तरह की कमी या गड़बड़ी नहीं होनी चाहिए और सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे बच्चों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से आंगनबाड़ी केंद्रों की समस्याओं की जानकारी सरकार तक पहुंचाने को भी कहा, ताकि आवश्यक सुधार समय पर किए जा सकें। दानापुर पशुपतिनाथ शर्मा