NEWS PR डेस्क : त्योहारों के सीजन से ठीक पहले महंगाई का एक और झटका कारोबारियों को लगा है। नए महीने की शुरुआत के साथ ही कमर्शियल LPG सिलिंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है। 19 किलो वाले कमर्शियल सिलिंडर के दाम अलग-अलग शहरों में 71 रुपये 50 पैसे तक बढ़े हैं। इसका सीधा असर रेस्टोरेंट, होटल, कैटरिंग और उन तमाम कारोबारों पर पड़ सकता है, जहां बड़े पैमाने पर LPG का इस्तेमाल होता है।
दिल्ली में 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलिंडर की कीमत 62 रुपये 50 पैसे बढ़कर 2,810 रुपये हो गई है। सितंबर में भी इसकी कीमत में 9 रुपये 50 पैसे की बढ़ोतरी हुई थी। मुंबई में अब कमर्शियल सिलिंडर 2,764 रुपये का हो गया है, जबकि चेन्नई में इसकी कीमत बढ़कर 2,983 रुपये पहुंच गई है। वहीं, पटना में सबसे ज्यादा 71 रुपये 50 पैसे की बढ़ोतरी दर्ज की गई है और यहां 19 किलो वाले सिलिंडर की नई कीमत 3,100 रुपये 50 पैसे हो गई है।
हालांकि, घरेलू LPG उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत मिली है। घरेलू सिलिंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। दिल्ली में घरेलू LPG सिलिंडर 942 रुपये, मुंबई में 941 रुपये 50 पैसे और चेन्नई में 957 रुपये 50 पैसे की कीमत पर ही उपलब्ध है। बता दें कि LPG की कीमतों में आमतौर पर हर महीने की पहली तारीख को समीक्षा की जाती है। कीमतों पर अंतरराष्ट्रीय बाजार में LPG की कीमतों और विदेशी मुद्रा दरों जैसे कारकों का असर पड़ता है। इसके अलावा राज्यों में लागू स्थानीय टैक्स, जैसे VAT, की वजह से अलग-अलग शहरों में LPG की कीमतों में अंतर देखने को मिलता है।