लंबे समय बाद पटना लौटीं रोहिणी आचार्य, पिता लालू यादव से मुलाकात का वीडियो शेयर कर लिखी भावुक बात

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : पटना: लंबे समय बाद रोहिणी आचार्य पटना वापस लौटी हैं। गुरुवार को सिंगापुर से पटना पहुंचने पर एयरपोर्ट पर उनके पिता और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव, मां राबड़ी देवी और बहन मीसा भारती ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट पर परिवार के सदस्यों के बीच भावुक मुलाकात देखने को मिली।

पटना पहुंचने के बाद रोहिणी आचार्य ने पिता लालू यादव के साथ कार में सफर करते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया। इसके साथ उन्होंने अपने पिता के लिए एक भावुक पोस्ट भी लिखा। रोहिणी ने एक्स पर लालू यादव के साथ अपनी तस्वीर और वीडियो साझा करते हुए लिखा, “पापा का हाथ थाम राहें आसान होती हैं, पापा की हर एक मुस्कान में मेरी जान बसती है।” उन्होंने आगे कहा कि उनके पिता उनकी जिंदगी में सबसे खास हैं और उनके बीच का रिश्ता किसी शब्द या शर्त का मोहताज नहीं है।
पिता के बुलाने पर पटना पहुंचीं रोहिणी
पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में रोहिणी आचार्य ने कहा कि उनके पिता ने उन्हें बुलाया था और वह अपने माता-पिता से मिलने पटना आई हैं। उन्होंने अपनी इस यात्रा को निजी बताते हुए इसे राजनीति से अलग रखने की बात कही। एयरपोर्ट पर लालू यादव और राबड़ी देवी के साथ रोहिणी की मुलाकात के दौरान परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। रोहिणी ने अपने पिता से आशीर्वाद लिया और मां राबड़ी देवी से भी मुलाकात की।
करीब एक साल बाद परिवार के बीच लौटीं
रोहिणी आचार्य की पटना वापसी ऐसे समय हुई है, जब पिछले करीब एक साल से लालू परिवार के साथ उनके रिश्तों को लेकर सार्वजनिक रूप से चर्चा होती रही है।

नवंबर 2025 में बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद रोहिणी ने राजनीति से दूरी बनाने और परिवार से संबंध खत्म करने की घोषणा की थी। इसके बाद वह पटना स्थित अपने परिवार के घर से सिंगापुर लौट गई थीं। उस दौरान उन्होंने तेजस्वी यादव और उनके करीबियों को लेकर भी कई गंभीर आरोप लगाए थे। अब लंबे अंतराल के बाद रोहिणी का पटना लौटना और लालू यादव के साथ उनकी मुलाकात चर्चा में है। हालांकि, रोहिणी ने खुद अपनी यात्रा को पारिवारिक बताया है और इसे राजनीतिक घटनाक्रम से जोड़ने से बचने की बात कही है।
सोशल मीडिया पोस्ट के बाद फिर चर्चा में रोहिणी
पटना पहुंचने के बाद लालू यादव के साथ रोहिणी आचार्य का वीडियो और भावुक सोशल मीडिया पोस्ट सामने आने के बाद परिवार के रिश्तों को लेकर एक बार फिर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, रोहिणी के सार्वजनिक बयान के मुताबिक, उनकी पटना यात्रा का मकसद अपने माता-पिता से मिलना है।

Share This Article