पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया से जहां गंडक बाढ़ पीड़ितों के लिए 30 वाहनों में राहत सामग्री रवाना, मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने दिखाई हरी झंडी,
बेतिया। पश्चिम चंपारण जिले में गंडक नदी की बाढ़ से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए राहत अभियान तेज कर दिया गया है। कोयला एवं खनन मंत्रालय के केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने बेतिया से राहत सामग्री से लदे 30 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए रवाना किया।
बाढ़ की जानकारी मिलते ही केंद्रीय मंत्री ने कोयला मंत्रालय के अंतर्गत संचालित भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) के साथ समन्वय स्थापित कर राहत सामग्री उपलब्ध कराने की पहल की। इसी क्रम में पटना से 30 वाहनों के जरिए राहत सामग्री चंपारण पहुंचाई गई है।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि राहत सामग्री का वितरण प्रशासन और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से प्रखंडवार किया जाएगा, ताकि प्रभावित परिवारों तक समय पर जरूरी सामान पहुंच सके। उन्होंने कहा कि चंपारण उनके लिए केवल एक क्षेत्र नहीं, बल्कि अपना परिवार है। आपदा की इस घड़ी में प्रत्येक बाढ़ प्रभावित परिवार के साथ खड़ा रहना उनकी प्राथमिकता है।
इस दौरान बिहार सरकार के मंत्री नंदकिशोर राम, लौरिया विधायक विनय बिहारी, बगहा विधायक राम सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अचिंत्य कुमार, बेतिया जिलाध्यक्ष रूपक श्रीवास्तव सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे