नौतन में बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंची राहत, बांधों पर शरण लिए परिवारों को बांटी सामग्री ,

Muskan Gupta

नौतन प्रखंड में बाढ़ की भयावह स्थिति के बीच शनिवार को उप प्रमुख अफसर हुसैन और ताज हॉस्पिटल, जगदीशपुर के निदेशक डॉ. इस्तेखार अहमद ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों के बीच राहत सामग्री का वितरण कर मुश्किल हालात में उनका साथ दिया।

बांधों पर शरण लिए लोगों तक पहुंची राहत

उप प्रमुख अफसर हुसैन और डॉ. इस्तेखार अहमद चम्पारण तटबंध और शिवराजपुर बांध पर पहुंचे। यहां बाढ़ के कारण घर छोड़कर बांध और ऊंचे स्थानों पर शरण लेने वाले परिवारों के बीच राहत सामग्री बांटी गई। अचानक आई बाढ़ से प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री मिलने से उन्हें काफी सहारा मिला।

दूर-दराज के टोलों में भी पहुंचाई मदद

राहत वितरण अभियान केवल बांधों तक सीमित नहीं रहा। भगवानपुर, शिवराजपुर और मंगलपुर कला पंचायत के दूर-दराज के बाढ़ प्रभावित टोलों में भी पहुंचकर जरूरतमंद परिवारों को राहत सामग्री उपलब्ध कराई गई। इस दौरान बाढ़ की स्थिति और प्रभावित लोगों की परेशानियों की जानकारी भी ली गई।

आपदा में पीड़ितों के साथ खड़े रहना जरूरी

डॉ. इस्तेखार अहमद ने कहा कि आपदा की घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा रहना सभी की जिम्मेदारी है। बाढ़ के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे समय में जरूरतमंदों तक राहत पहुंचाना सबसे जरूरी है।

वहीं, उप प्रमुख अफसर हुसैन ने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों की हरसंभव मदद का प्रयास जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जरूरत के अनुसार आगे भी राहत सामग्री उपलब्ध कराने और प्रभावित लोगों की सहायता करने का प्रयास किया जाएगा।

पश्चिम चम्पारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट ;-

Share This Article