पटना पुलिस की बड़ी कार्रवाई,ऑपरेशन मुस्कान के तहत 117 मोबाइल बरामद

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: दानापुर/पटना: मोबाइल फोन गुम होने के बाद उसे वापस पाने की उम्मीद छोड़ चुके 117 लोगों के लिए पटना पुलिस ने बड़ी राहत दी है। ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत पश्चिमी पटना की पुलिस ने तकनीकी जांच और लगातार प्रयास के बाद 117 गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद किए। पुलिस ने बरामद सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। मोबाइल हाथ में आते ही लोगों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई।

नगर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी संकेत कुमार ने बताया कि बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर ‘ऑपरेशन मुस्कान’ चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य तकनीकी अनुसंधान के जरिए गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन को बरामद कर उनके वास्तविक धारकों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि पुलिस की तकनीकी टीम लगातार ऐसे मामलों की जांच कर रही है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
पुलिस के अनुसार, अभियान के तहत इससे पहले अलग-अलग तिथियों में 365 मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को लौटाए जा चुके हैं। वहीं, 5 अक्टूबर को पश्चिमी पटना क्षेत्र में एक साथ 117 मोबाइल फोन बरामद किए गए। इन मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई है।

थाना स्तर पर दानापुर से सबसे अधिक 25 मोबाइल, फुलवारीशरीफ से 20, बिहटा से 16, मनेर से 15, पालीगंज से 9, खगौल से 8 और बेऊर से 7 मोबाइल बरामद किए गए। इसके अलावा सिगोड़ी और नेउरा से 4-4, नौबतपुर, बिक्रम और दुल्हिनबाजार से 3-3 मोबाइल फोन बरामद हुए।

एसपी पश्चिमी संकेत कुमार ने कहा कि ‘ऑपरेशन मुस्कान’ सिर्फ मोबाइल बरामद करने का अभियान नहीं, बल्कि लोगों की खोई उम्मीद और खुशी लौटाने की पहल है। पुलिस की तकनीकी टीम लगातार इस दिशा में काम कर रही है और आने वाले दिनों में भी गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को सौंपे जाएंगे। पशुपति शर्मा की रिपोर्ट

Share This Article