पटना में ट्रैफिक पुलिस का बड़ा कदम, जवानों के कल्याण और अनुशासन पर जोर

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: पटना में यातायात व्यवस्था को सुचारू, सुरक्षित और अनुशासित बनाए रखने के साथ-साथ यातायात पुलिसकर्मियों की समस्याओं के त्वरित समाधान और कल्याण को प्राथमिकता देते हुए आज पुलिस अधीक्षक (यातायात) कार्यालय में ‘लाइन डे’ का आयोजन किया गया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक (यातायात) ने पटना यातायात पुलिस में प्रतिनियुक्त पुलिसकर्मियों के ऑर्डरली रूम एवं अनुरोध कक्ष के माध्यम से प्राप्त आवेदनों, समस्याओं और अनुरोधों की समीक्षा की। संबंधित मामलों पर आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए पुलिसकर्मियों की समस्याओं के समयबद्ध एवं प्रभावी निष्पादन पर जोर दिया गया।
छुट्टी संबंधी आवेदनों पर संवेदनशीलता से विचार
लाइन डे के दौरान यातायात पुलिसकर्मियों के अवकाश एवं छुट्टी से संबंधित आवेदनों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार त्वरित एवं सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाए, ताकि कर्मियों की व्यक्तिगत समस्याओं का उचित समाधान सुनिश्चित हो सके।
ड्यूटी के दौरान आने वाली समस्याओं के समाधान पर जोर
फील्ड में ड्यूटी करने वाले यातायात पुलिसकर्मियों को कार्य के दौरान होने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों और असुविधाओं को गंभीरता से सुना गया। इन समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए, ताकि पुलिसकर्मी बेहतर समन्वय और कार्यक्षमता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।
लापरवाही और अनुशासनहीनता पर सख्त रुख
कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही, अनुशासनहीनता अथवा ड्यूटी के प्रति उदासीनता के मामलों की भी समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक (यातायात) ने स्पष्ट किया कि यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों में अनुशासन, जवाबदेही और कर्तव्यनिष्ठा आवश्यक है। ऐसे मामलों में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जवानों का कल्याण और बेहतर यातायात व्यवस्था प्राथमिकता
पटना पुलिस द्वारा पुलिसकर्मियों की समस्याओं के समाधान, उनकी सुविधाओं और कल्याण पर ध्यान देने के साथ-साथ शहर की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुगम एवं अनुशासित बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। ‘लाइन डे’ जैसी पहल के माध्यम से पुलिसकर्मियों की समस्याओं को सुनने, प्रशासनिक प्रक्रिया को प्रभावी बनाने और कर्तव्य निर्वहन में जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं।

Share This Article