NEWS PR डेस्क: बिहार के चर्चित नेता तेज प्रताप यादव एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। रियलिटी शो ‘Rise and Fall 2’ में अपनी शादीशुदा जिंदगी के बारे में बात करते हुए तेज प्रताप ने कई ऐसे दावे किए, जिनके बाद ऐश्वर्या राय के साथ उनके रिश्तों को लेकर पुराना विवाद फिर चर्चा में आ गया है। उन्होंने दावा किया कि उनकी शादी पारिवारिक दबाव में हुई थी और विवाह के महज तीन महीने बाद ही दोनों के बीच मतभेद बढ़ने लगे थे।
शादी के तीन महीने बाद ही शुरू हो गए थे मतभेद, तेज प्रताप का दावा
तेज प्रताप यादव के मुताबिक, शादी के बाद उन्हें और ऐश्वर्या राय को एक-दूसरे की सोच और जीवनशैली के साथ तालमेल बिठाने में परेशानी होने लगी थी। उन्होंने बताया कि रिश्तों में बढ़ती दूरियों के कारण कई बार उनका घर लौटने का भी मन नहीं करता था और वह दोस्तों के यहां रुक जाते थे।
ऐश्वर्या राय को लेकर किया ये दावा
बातचीत के दौरान तेज प्रताप यादव ने एक कथित घटना का जिक्र करते हुए दावा किया कि एक दिन विधानसभा से लौटने के बाद उन्होंने ऐश्वर्या राय को उनके पूर्व प्रेमी से चैट करते हुए देखा था। तेज प्रताप के अनुसार, उन संदेशों में प्यार जताने वाली बातें थीं। हालांकि, यह तेज प्रताप की ओर से शो में किया गया दावा है।
अदालत में वीडियो सबूत पेश करने की भी कही बात
तेज प्रताप यादव ने बातचीत में यह भी दावा किया कि वैवाहिक विवाद के दौरान उन्होंने कुछ वीडियो रिकॉर्ड किए थे और उन्हें अदालत में सबूत के तौर पर पेश किया था। उनके इन बयानों ने एक बार फिर उनकी शादी और तलाक से जुड़े पुराने विवाद को चर्चा में ला दिया है। गौरतलब है कि तेज प्रताप यादव और ऐश्वर्या राय की शादी मई 2018 में हुई थी। शादी के कुछ महीनों बाद ही दोनों के रिश्तों में तनाव की खबरें सार्वजनिक होने लगी थीं। बाद में यह मामला कानूनी प्रक्रिया तक पहुंचा।