बगहा में जल बोझी के दौरान बड़ा हादसा, हाईटेंशन तार की चपेट में आने से दो श्रद्धालुओं की मौत, कई झुलसे

Muskan Gupta

पश्चिम चंपारण के बगहा में जल बोझी के दौरान बड़ा हादसा हो गया। रामनगर थाना क्षेत्र के दोन कैनाल के पास हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य झुलस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को इलाज के लिए रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया है। घटना की पुष्टि एसडीपीओ सत्येंद्र राम ने की है।

जानकारी के अनुसार, भैरोगंज थाना क्षेत्र के सासाराव से श्रद्धालु ट्रैक्टर पर सवार होकर जल बोझी के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान रामनगर थाना क्षेत्र के दोन कैनाल के पास श्रद्धालु हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आ गए। करंट लगने से कई लोग झुलस गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। परिजनों और स्थानीय लोगों में शोक का माहौल है।

हादसे की जानकारी मिलने के बाद घटना को लेकर पुलिस स्तर पर जानकारी जुटाई जा रही है। एसडीपीओ सत्येंद्र राम ने दो श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि की है। फिलहाल, घायलों की स्थिति और हादसे से जुड़े अन्य विवरणों की जानकारी जुटाई जा रही है।

बगहा में जल बोझी के दौरान हुए इस हादसे ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस दुखद घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है।

पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट ;-

Share This Article