NEWS PR डेस्क:बिहार में सफर के दौरान सुरक्षा को लेकर चिंतित रहने वाले लोगों के लिए राहत की खबर है। अब यात्रा के दौरान मदद के लिए बार-बार पुलिस को फोन करने की जरूरत नहीं होगी। यात्री 112 इंडिया मोबाइल ऐप के जरिए अपनी यात्रा की जानकारी दर्ज कर सकेंगे, जिसके बाद डायल 112 की पुलिस उनकी सुरक्षा पर नजर रखेगी। इस नई सुविधा का नाम ‘ट्रैक मी’ रखा गया है। इसका ट्रायल शुरू हो चुका है और दीपावली से पहले इसे आम लोगों के लिए शुरू करने की तैयारी है।
हर 15 मिनट पर फोन कर सुरक्षा का लेगी जायजा
‘ट्रैक मी’ सुविधा के तहत पुलिस यात्रा के दौरान हर 15 मिनट पर यात्री को फोन कर उसकी कुशलता की जानकारी लेगी। यह प्रक्रिया यात्री के सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचने और यात्रा पूरी होने तक जारी रहेगी। यदि यात्री फोन नहीं उठाता है और उससे संपर्क नहीं हो पाता है, तो पुलिस उसकी मोबाइल लोकेशन के आधार पर नजदीकी डायल 112 वाहन को सतर्क करेगी।
ऐप पर दर्ज करनी होगी यात्रा की पूरी जानकारी
इस सुविधा का लाभ लेने के लिए यात्री को 112 इंडिया ऐप में ‘ट्रैक मी’ विकल्प के माध्यम से यात्रा का विवरण दर्ज करना होगा। इसमें यात्रा शुरू करने का स्थान, गंतव्य, सफर का माध्यम और पहुंचने का संभावित समय बताना होगा। इसके आधार पर डायल 112 की पुलिस संबंधित मार्ग की जानकारी रखेगी और जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता पहुंचाने की तैयारी करेगी।
रास्ते में तैनात पुलिस वाहन भी रहेंगे अलर्ट
यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी होने या यात्री से संपर्क टूटने पर पुलिस उसके मोबाइल की लोकेशन के आधार पर नजदीकी 112 वाहन को सूचना देगी। इसके बाद संबंधित पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचकर स्थिति की जांच करेंगे और यात्री को जरूरी सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे।
फिलहाल महिलाओं को मिल रही है यह सुविधा
अभी बिहार में महिलाओं को सुरक्षित सफर के लिए डायल 112 के माध्यम से ऑफलाइन सुविधा दी जा रही है। इसके तहत महिला यात्री को फोन करके अपनी यात्रा, गंतव्य, सफर के माध्यम और संभावित समय की जानकारी देनी होती है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद ऐप के जरिए यह प्रक्रिया आसान हो सकेगी।
‘ट्रैक मी’ सुविधा का उद्देश्य यात्रा के दौरान संभावित खतरे की स्थिति में पुलिस को समय रहते सतर्क करना और जरूरत पड़ने पर सहायता पहुंचाना है। हालांकि, इस सुविधा के शुरू होने की अंतिम तारीख की आधिकारिक पुष्टि होने के बाद ही इसका इस्तेमाल शुरू किया जा सकेगा।
बिहार में सुरक्षित सफर के लिए नई सुविधा, 112 ऐप से पुलिस रखेगी यात्रियों पर नजर