अररिया में अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और अधिकारों को लेकर जागरूकता बढ़ाने के साथ उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया गया। परमान सभागार में महिला एवं बाल विकास निगम की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मैट्रिक और इंटरमीडिएट के विभिन्न संकायों के टॉपरों को प्रशस्ति पत्र और स्मार्ट घड़ी देकर सम्मानित किया गया।
जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में बाल विवाह उन्मूलन, बालिका शिक्षा और सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। इस दौरान बालिकाओं ने जिला पदाधिकारी और पुलिस उपाधीक्षक से शिक्षा, सुरक्षा, बाल विवाह और यूपीएससी परीक्षा से जुड़े सवाल पूछे। अधिकारियों ने उनके सवालों के जवाब देकर मार्गदर्शन किया।
वहीं पोषण ट्रैकर के प्रमुख सूचकांकों में अगस्त 2026 में बिहार में दूसरा स्थान हासिल करने पर अररिया जिले के उत्कृष्ट आंगनबाड़ी कर्मियों और अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया।
इस मौके पर पलासी परियोजना की आंगनबाड़ी सेविका किश्वर जहाँ को कबाड़ सामग्री से बच्चों के लिए शिक्षण और खेल सामग्री तैयार करने के अभिनव प्रयास के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में अधिकारियों ने बालिकाओं के सशक्तीकरण और बच्चों एवं महिलाओं तक बेहतर पोषण सेवाएं पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास करने की अपील की। मौके पर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी कविता कुमारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।
ररिया से धन्नु कुमार मिश्रा की रिपोर्ट;-