नवरात्र के पावन अवसर पर बिहार के कलाकार मधुरेन्द्र कुमार ने अपनी अनूठी कलाकारी के जरिए नारी सम्मान और महिला सुरक्षा का संदेश दिया है। उन्होंने पीपल के महज तीन सेंटीमीटर के पत्ते पर मां दुर्गा की बेहद सूक्ष्म तस्वीर उकेरकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है।
इस छोटी-सी कलाकृति को तैयार करने में कलाकार को करीब तीन घंटे का समय लगा। आकार में बेहद छोटी होने के बावजूद यह तस्वीर अपने भीतर एक बड़ा सामाजिक संदेश समेटे हुए है।
कलाकार मधुरेन्द्र कुमार ने इस कलाकृति के माध्यम से लोगों से लड़कियों के साथ छेड़छाड़ रोकने और हर महिला का सम्मान करने की अपील की है। मां दुर्गा को शक्ति और नारी सामर्थ्य का प्रतीक मानते हुए उन्होंने समाज को महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया है।
पीपल के पत्ते पर उकेरी गई मां दुर्गा की यह तस्वीर न केवल उनकी कलात्मक प्रतिभा को दर्शाती है, बल्कि यह भी संदेश देती है कि कला के जरिए सामाजिक बुराइयों के खिलाफ आवाज उठाई जा सकती है।
नवरात्र में मां दुर्गा की आराधना के बीच कलाकार की यह अनूठी पहल लोगों को नारी शक्ति का सम्मान करने और महिलाओं के प्रति अपनी सोच बदलने की प्रेरणा देती है।
भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट ;-